G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

सामाजिक सुरक्षा पेंशन जारी होने पर कांग्रेस ने पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर की पहल को बताया असरदार

कहा- राज्यपाल को पत्र लिखने के बाद मई तक की पेंशन जारी, जून के भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने दावा किया है कि पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोहम्मद अकबर की पहल के बाद सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लंबित भुगतान की प्रक्रिया तेज हुई है। कांग्रेस के अनुसार राज्य सरकार ने मई 2026 तक की लंबित पेंशन राशि जारी कर दी है, जबकि जून माह की पेंशन के भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि मोहम्मद अकबर ने 5 जून को राज्यपाल को पत्र लिखकर प्रदेश में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन और राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना के हितग्राहियों को कई महीनों से पेंशन नहीं मिलने का मुद्दा उठाया था। उन्होंने कहा था कि बढ़ती महंगाई और भीषण गर्मी के बीच गरीब, बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांग हितग्राहियों के लिए पेंशन ही जीवनयापन का प्रमुख सहारा है, ऐसे में भुगतान में देरी से उन्हें गंभीर आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मोहम्मद अकबर ने राज्यपाल से संविधान के अनुच्छेद-154 के तहत अपनी संवैधानिक शक्तियों का उपयोग करते हुए राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश देने का आग्रह किया था, ताकि सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के हितग्राहियों को समय पर पेंशन मिल सके। उन्होंने यह सुझाव भी दिया था कि यदि केंद्र से राशि मिलने में विलंब हो रहा हो तो राज्य सरकार अन्य मद से भुगतान कर बाद में उसकी प्रतिपूर्ति कर सकती है।

कांग्रेस ने दावा किया कि अब राज्य सरकार ने मई माह तक की लंबित पेंशन राशि जारी कर दी है और जून माह के भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इससे प्रदेश के लाखों सामाजिक सुरक्षा पेंशन हितग्राहियों को राहत मिलेगी। पार्टी का कहना है कि राज्यपाल के समक्ष मामला उठाए जाने के बाद सरकार ने लंबित भुगतान की दिशा में कदम बढ़ाए हैं तथा जून माह का भुगतान भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page