G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

सरदार पटेल के आदर्शों पर चलकर विकसित छत्तीसगढ़ बनाने का संकल्प: विजय शर्मा

राष्ट्रीय एकता दिवस परेड समारोह में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री, शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में मिली सफलता से बस्तर में शांति और विकास की नई उम्मीद, एकता नगर की परेड में बस्तर फाइटर्स, डीआरजी और एसटीएफ के जवानों ने दिखाया दमखम

रायपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर शनिवार को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की चौथी वाहिनी, माना में राष्ट्रीय एकता दिवस परेड समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा शामिल हुए। उन्होंने परेड की सलामी ली, मार्च पास्ट का निरीक्षण किया और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विजय शर्मा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और कुशल नेतृत्व से 560 से अधिक देशी रियासतों का भारतीय संघ में एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की। उनके आदर्श आज भी देश की एकता, आंतरिक सुरक्षा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल के विचारों पर चलते हुए सुरक्षित, समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना सरकार का संकल्प है।

नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में ऐतिहासिक सफलता

गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ ने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। सुरक्षा बलों के साहस, सरकार के समन्वित प्रयासों और स्थानीय लोगों के सहयोग से बस्तर में शांति और सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है।

उन्होंने कहा कि कभी नक्सली हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर के दूरस्थ इलाकों में अब विकास की नई उम्मीद जगी है। इस बदलाव में सुरक्षा बलों के जवानों का साहस, समर्पण और बलिदान महत्वपूर्ण है।

शर्मा ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल नक्सलवाद का अंत करना नहीं, बल्कि बस्तर के हर गांव तक सड़क, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार की सुविधाएं पहुंचाना भी है। जनजातीय समुदायों की संस्कृति और परंपराओं का सम्मान करते हुए उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है।

शहीद जवानों की वीरता को किया नमन

समारोह में उप मुख्यमंत्री ने नक्सली हिंसा में शहीद हुए जवानों की स्मृति में लगाई गई छायाचित्र प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने शहीद जवानों के चित्रों पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

प्रदर्शनी में नक्सल विरोधी अभियानों, सुरक्षा बलों के साहस और पुलिस विभाग की कल्याणकारी गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। शर्मा ने कहा कि बस्तर में शांति की स्थापना के पीछे जवानों का अदम्य साहस, त्याग और बलिदान है। देश और प्रदेश की सुरक्षा के लिए प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का योगदान सदैव याद रखा जाएगा।

एकता नगर की परेड में छत्तीसगढ़ के जवानों का प्रदर्शन

गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस परेड का माना में सामूहिक रूप से सीधा प्रसारण देखा गया। इस राष्ट्रीय परेड में छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों ने भी प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया।

परेड में डीएसपी बृज किशोर यादव ने टू-आईसी की जिम्मेदारी निभाई। डीएसपी अमृता पैंकरा के नेतृत्व में बस्तर फाइटर्स की महिला कमांडो, डीएसपी कुलदीप बंजारे के नेतृत्व में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और डीएसपी ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के जवानों ने मार्च पास्ट में हिस्सा लिया।

नक्सल विरोधी अभियानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले इन बलों की राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता को छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का अवसर बताया गया।

नाट्य प्रस्तुति में दिखाई नक्सलवाद से शांति तक की यात्रा

कार्यक्रम में नक्सलवाद के खिलाफ संघर्ष और बस्तर में शांति स्थापना पर आधारित नाट्य प्रस्तुति भी हुई। इसमें नक्सलवाद के उदय, उससे पैदा हुई परिस्थितियों, सुरक्षा बलों के अभियानों, जवानों के बलिदान और स्थानीय लोगों की भावनाओं को दर्शाया गया। बस्तर के युवाओं ने भी कलाकारों के रूप में हिस्सा लिया।

प्रस्तुति के माध्यम से हिंसा और भय से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की ओर बढ़ते बस्तर की यात्रा को जीवंत किया गया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर विधायक सुनील सोनी और मोतीलाल साहू, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक प्रदीप गुप्ता एवं अमित कुमार, पुलिस महानिरीक्षक अंकित गर्ग सहित पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, शहीद जवानों के परिजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page