कबीरधाम में पुलिसकर्मियों और युवाओं ने लगाई एकता की दौड़

राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय से निकली ‘रन फॉर यूनिटी’, शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरकर लौटी दौड़; एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का दिया संदेश

कवर्धा। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को कबीरधाम पुलिस ने ‘रन फॉर यूनिटी’ (राष्ट्रीय एकता दौड़) का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शुरू हुई दौड़ शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों से होते हुए वापस कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें पुलिस अधिकारियों, जवानों, स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रशिक्षणार्थियों और शहर के युवक-युवतियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। आयोजन के जरिए राष्ट्रीय एकता, अखंडता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया गया।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम की शुरुआत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने हरी झंडी दिखाकर की। यह आयोजन 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस से 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस तक देश के वीर शहीदों की स्मृति में आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला का हिस्सा रहा।
विविधता में एकता ही भारत की ताकत
दौड़ के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार ने राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आपसी भाईचारे, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि भारत में भाषा, वेशभूषा, संस्कृति और परंपराओं की विविधता के बावजूद सभी नागरिक एक राष्ट्र और एक संविधान से जुड़े हैं। यही विविधता में एकता देश की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन और आचरण में राष्ट्रीय एकता के मूल्यों को अपनाते हुए देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
पुलिस अधिकारियों के साथ युवाओं ने भी लिया हिस्सा
राष्ट्रीय एकता दौड़ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय आशीष शुक्ला, एसडीओपी प्रशांत देवांगन, उप पुलिस अधीक्षक प्रमिला मंडावी, उप पुलिस अधीक्षक अंजू कुमारी और रक्षित निरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। स्वामी विवेकानंद एकेडमी के प्रशिक्षणार्थियों, युवक-युवतियों और आम नागरिकों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
शहीदों को किया याद, एकजुट भारत का दिया संदेश
कार्यक्रम के माध्यम से देश की रक्षा और सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों को याद किया गया। साथ ही नागरिकों को एकजुट रहकर राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा करने का संदेश दिया गया।
कबीरधाम पुलिस की इस पहल ने पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों के बीच सहभागिता को बढ़ावा देने के साथ अनुशासन, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया।

