G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

पहली ही बरसात में ट्रिपल इंजन सरकार पर कांग्रेस का हमला, विकास कार्यों की गुणवत्ता पर उठाए सवाल

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने पहली ही बरसात में प्रदेशभर में सामने आई निर्माण संबंधी समस्याओं को लेकर भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुरेंद्र वर्मा ने आरोप लगाया कि बारिश शुरू होते ही सरकार के विकास कार्यों की वास्तविकता सामने आ गई है। शहरों में जलभराव, गांवों की सड़कों पर गड्ढे, पुल-पुलियों को नुकसान और निर्माणाधीन परियोजनाओं में सामने आ रही खामियां भ्रष्टाचार और लापरवाही का प्रमाण हैं।

सुरेंद्र वर्मा ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री के गृह जिले मुंगेली के अमर टापू धाम में लगभग साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से बन रहे पुल का स्लैब पहली ही ढलाई में गिर गया। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में घटिया सामग्री, तकनीकी लापरवाही और विभागीय निगरानी की कमी के कारण यह स्थिति बनी है। उनके अनुसार इससे सरकार के भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की पोल खुल गई है।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि गरियाबंद जिले में कोसुमबूड़ा पुल तेज बहाव में क्षतिग्रस्त होने से दस से अधिक गांवों का संपर्क मुख्यालय से कट गया है। वहीं सूरजपुर जिले के सुखदेवपुर नाला में पुलिया टूटने और अधूरे रपटा के कारण स्कूली बच्चों, महिलाओं और किसानों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर परिजन बच्चों को कंधे पर बैठाकर स्कूल पहुंचा रहे हैं, जबकि किसान ट्रैक्टर और मवेशियों के साथ कठिन परिस्थितियों में आवाजाही करने को मजबूर हैं।

वर्मा ने कहा कि पामगढ़ सहित प्रदेश के कई हिस्सों में लोग जलभराव और बदहाल सड़कों के वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में केवल भ्रष्टाचार का विकास हुआ है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है।

कांग्रेस ने लोक निर्माण विभाग, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। वर्मा ने दावा किया कि हाल ही में लोक निर्माण विभाग के 50 लाख रुपये के एक टेंडर में नियमों की अनदेखी कर अपात्र ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए दस्तावेजों में हेरफेर की गई और आवश्यक पात्रता के बिना ही कार्य आवंटित कर दिया गया।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राजनांदगांव जिले के ग्राम बरगा में रेलवे द्वारा लगभग 26 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित ओवरब्रिज में लोकार्पण के एक महीने के भीतर ही चौड़ी दरारें दिखाई देने लगी हैं। कांग्रेस का कहना है कि पहली ही बारिश में पुल की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं और इससे आम लोगों की सुरक्षा पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है।

प्रदेश कांग्रेस ने सरकार से निर्माण कार्यों की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी अधिकारियों और ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा प्रदेशभर में निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुके विकास कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा कराने की मांग की है। कांग्रेस का कहना है कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही और भ्रष्टाचार स्वीकार्य नहीं होना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page