भाटापारा स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग, 287 मामलों में ₹2.45 लाख वसूले

भाटापारा ।दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल ने 6 अगस्त को भाटापारा रेलवे स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. सुस्कर विपुल विलासराव के निर्देश पर स्टेशन के सभी प्लेटफॉर्म और 14 ट्रेनों में की गई जांच के दौरान 287 मामलों में कुल ₹2,45,835 का राजस्व प्राप्त हुआ।
अभियान में बिना टिकट यात्रा करने वाले 191 यात्रियों से ₹1,81,540, अनियमित टिकट पर यात्रा करने वाले 72 यात्रियों से ₹58,695 तथा अधिक लगेज लेकर यात्रा करने वाले 22 यात्रियों से ₹2,600 वसूले गए। इसके अलावा गंदगी फैलाने के एक मामले में ₹1,000 और धूम्रपान के एक मामले में ₹2,000 का जुर्माना किया गया।
अभियान का संचालन सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद के नेतृत्व में हुआ। इसमें मंडल मुख्य टिकट निरीक्षक ए. जेना, मुख्य वाणिज्य निरीक्षक-टिकट चेकिंग अविजित डे सहित 17 टिकट चेकिंग स्टाफ और 3 आरपीएफ जवान शामिल रहे।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से उचित टिकट लेकर यात्रा करने और रेलवे परिसर में प्रवेश से पहले आवश्यक प्लेटफॉर्म टिकट लेने की अपील की है। साथ ही ट्रेनों और रेलवे परिसर को स्वच्छ रखने में सहयोग करने कहा है। रेलवे के अनुसार गंदगी फैलाने पर ₹1,000 से ₹5,000 तक जुर्माना या 6 माह तक कारावास का प्रावधान है।
रायपुर मंडल का वाणिज्य विभाग समय-समय पर ऐसे अभियान चलाकर यात्रियों को उचित टिकट लेकर यात्रा करने, सही कोच में बैठने और रेलवे नियमों का पालन करने के लिए जागरूक कर रहा है।


