नकली शराब प्रकरण पर आबकारी विभाग की सख्त कार्यवाही, कर्मचारियों को किया गया ब्लैकलिस्ट

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
खैरागढ़ : जिला आबकारी विभाग खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई द्वारा जिले में शराब दुकानों के संचालन एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु विभिन्न सख्त कदम उठाए गए हैं। विभाग द्वारा नकली शराब प्रकरण में संलिप्त कर्मचारियों को ब्लैकलिस्ट किया गया है। वहीं ड्यूटी के दौरान शराब सेवन करते पाए गए एक कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से सेवा से निलंबित कर दिया गया।
ओवर रेटिंग की शिकायतों पर नियंत्रण हेतु देशी एवं विदेशी मदिरा दुकान खैरागढ़ में दो आरक्षकों की नियुक्ति की गई है। इसके अतिरिक्त जिला उड़नदस्ता टीम में एक आरक्षक तथा कंट्रोल रूम में रात्रि गश्त के लिए तीन आरक्षकों की तैनाती की गई है। जिला आबकारी अधिकारी के साथ मदिरा दुकानों के औचक निरीक्षण के लिए आबकारी उपनिरीक्षक जीवेश मिश्रा को विशेष रूप से तैनात किया गया है।
विभाग द्वारा दुकानों में स्टाफ की कमी दूर करने हेतु प्लेसमेंट एजेंसी को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं। साथ ही वृत प्रभारियों को आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अधिक से अधिक प्रकरण कायम करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
कम्पोजिट मदिरा दुकान जालबांधा में 1,24,450 रुपये की घटती पाए जाने पर संबंधित कर्मचारियों से तत्काल रिकवरी कराई गई तथा एस.आई.एस. प्लेसमेंट एजेंसी को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं।
आबकारी विभाग ने बताया कि जिले की सभी मदिरा दुकानों में पर्याप्त मात्रा में शराब उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही प्रातः 10 बजे से रात्रि 10 बजे तक उपलब्ध स्टाफ को दुकानों के आसपास नियमित गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला आबकारी विभाग ने कहा है कि विभाग पूर्ण निष्ठा एवं उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा है तथा अवैध गतिविधियों एवं अनियमितताओं पर लगातार नजर रखी जा रही है।


