G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

वर्षों पुरानी मांग पूरी, चंडालपुर अब कहलाएगा चंदनपुर

राजपत्र की प्रति लेकर गांव पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, ग्रामीणों ने जताई खुशी

कवर्धा। वर्षों से चली आ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। कबीरधाम जिले के ग्राम चंडालपुर का नाम अब आधिकारिक रूप से बदलकर ‘चंदनपुर’ कर दिया गया है। उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शुक्रवार देर रात तेज बारिश के बीच राजपत्र की प्रति लेकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को नाम परिवर्तन की जानकारी देते हुए उन्हें बधाई दी।


राजपत्र की प्रति मिलने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल रहा। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वागत के लिए पहुंचे। ग्रामीणों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई और उप मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत किया।
विकास कार्यों के लिए 11.70 लाख रुपए की घोषणा
नाम परिवर्तन की खुशी के अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने गांव में सीसी रोड और सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 11.70 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में गांव का नाम बदलवाने के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर के माध्यम से दस्तावेजों में नाम परिवर्तन की प्रक्रिया पूरी कराने की व्यवस्था की जाएगी।
राजपत्र में हुआ विधिवत प्रकाशन
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा ग्राम चंदनपुर के नाम परिवर्तन का राजपत्र में विधिवत प्रकाशन किया गया है। इसके बाद ‘चंदनपुर’ नाम सरकारी अभिलेखों और संबंधित शासकीय वेब पोर्टल में दर्ज किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ग्रामवासियों द्वारा लंबे समय से गांव का नाम बदलने की मांग की जा रही थी। स्थानीय लोगों की भावनाओं और मांग को ध्यान में रखते हुए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया। इसके बाद मंत्रिमंडल स्तर पर चर्चा, राज्यपाल की स्वीकृति और आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद राजपत्र में नाम परिवर्तन का प्रकाशन हुआ।
उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि अब दैनिक व्यवहार और बोलचाल में भी गांव के नए नाम ‘चंदनपुर’ का उपयोग करें, ताकि आने वाली पीढ़ियां इसी नाम से गांव को पहचानें।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों के नाम केवल स्थान की पहचान नहीं होते, बल्कि उनसे स्थानीय इतिहास, संस्कृति, परंपरा और जनभावनाएं भी जुड़ी होती हैं। चंदनपुर नाम मिलना ग्रामवासियों की लंबे समय से चली आ रही भावना और मांग के सम्मान का प्रतीक है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page