G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

गणेश विसर्जन को लेकर कबीरधाम पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर

सैकड़ों पुलिसकर्मियों की तैनाती, फिक्स प्वाइंट, पेट्रोलिंग, क्यूआरटी और गोताखोर दल रहेंगे सक्रिय

कवर्धा। गणेशोत्सव के समापन पर 25 एवं 26 सितंबर को होने वाले गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर कबीरधाम पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की है। पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव के निर्देशन में जिलेभर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार एवं अमित पटेल के मार्गदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी की जाएगी।

कवर्धा शहर में गणेश प्रतिमाओं की झांकियों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए सिग्नल चौक, दर्रीपारा, कर्मा चौक, एकता चौक, बूढ़ा महादेव चौक, नवीन बाजार चौक और करपात्री चौक सहित प्रमुख स्थानों पर फिक्स प्वाइंट बनाए गए हैं। दो पेट्रोलिंग पार्टियां निर्धारित मार्गों पर लगातार भ्रमण कर स्थिति पर नजर रखेंगी।

विसर्जन स्थलों पर गोताखोर दल तैनात

सकरहा घाट, सरोधा डेम और भोजली तालाब में विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। यहां पुलिस बल के साथ नगर सैनिकों के गोताखोर दल और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे। महिलाओं एवं बच्चों को पानी से सुरक्षित दूरी पर रखने तथा तैरना नहीं जानने वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

झांकियों के साथ रहेगा पुलिस बल

25 और 26 सितंबर को विभिन्न गणेश समितियों की विसर्जन झांकियों के साथ पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहेंगे। पुलिस बल भीड़ प्रबंधन, झांकियों के सुरक्षित आवागमन और कानून-व्यवस्था पर नजर रखेगा।

क्यूआरटी और रिजर्व बल तैयार

आपात स्थिति से निपटने के लिए सिग्नल चौक और राजमहल चौक क्षेत्र में दो क्यूआरटी पार्टियां तैनात रहेंगी। रक्षित केंद्र में गिरफ्तारी पार्टी एवं रिजर्व बल को भी तैयार रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल मौके पर भेजा जा सके।

यातायात व्यवस्था में रहेगा विशेष फोकस

विसर्जन झांकियों के मार्ग पर यातायात पुलिस बल तैनात रहेगा। आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्ट किया जाएगा। ड्यूटी में तैनात जवानों को वायरलेस सेट, रेनकोट, रिफ्लेक्टर जैकेट, फ्लोरोसेंट रॉड और स्टॉपर सहित आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं।

बोड़ला, पंडरिया और लोहारा क्षेत्र में भी संबंधित एसडीओपी के पर्यवेक्षण में थाना स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था की गई है। विसर्जन स्थलों पर नगर सैनिकों के गोताखोर दल, यातायात बल, क्यूआरटी और रिजर्व बल को आवश्यकता के अनुसार तत्काल प्रतिक्रिया के लिए तैयार रखा गया है।

लाउडस्पीकर को लेकर एडवाइजरी

पुलिस ने गणेश समितियों से ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग नियमानुसार अनुमति लेकर और निर्धारित ध्वनि सीमा में करने की अपील की है। सामान्यतः रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग से बचने के निर्देश दिए गए हैं। शासन द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए निर्धारित विशेष छूट लागू होने की स्थिति में उसके प्रावधानों का पालन किया जा सकेगा।

कबीरधाम पुलिस ने गणेश समितियों और नागरिकों से निर्धारित मार्ग एवं सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। लगातार बारिश को देखते हुए नदी, तालाब और बांधों में सुरक्षा सीमा का उल्लंघन नहीं करने तथा पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करने कहा गया है। पुलिस का उद्देश्य धार्मिक आस्था और उत्सव की गरिमा को बनाए रखते हुए विसर्जन कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page