G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी ताकत : मंत्री राजेश अग्रवाल

रायपुर, 3 अगस्त। पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण का सबसे मजबूत आधार स्वस्थ, जागरूक, संस्कारवान और आत्मविश्वासी युवा हैं। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त, अनुशासित और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित जीवन अपनाने का आह्वान किया।

मंत्री श्री अग्रवाल सोमवार को अंबिकापुर में ब्रह्माकुमारीज़ द्वारा आयोजित ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत संकल्प अभियान’ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया यह अभियान केवल नशे के खिलाफ जनजागरण नहीं, बल्कि देश के भविष्य को मजबूत बनाने का राष्ट्रीय आंदोलन है।

उन्होंने कहा कि आज जरूरत केवल आर्थिक विकास की नहीं, बल्कि ऐसे समाज के निर्माण की है, जहां युवा शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त हों। नशा व्यक्ति की प्रतिभा, परिवार की खुशहाली और समाज की प्रगति तीनों को प्रभावित करता है। इसलिए प्रत्येक युवा को स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करना चाहिए।

मंत्री ने कहा कि भारत की युवा शक्ति दुनिया की सबसे बड़ी ताकत है। यदि युवाओं की ऊर्जा सही दिशा में लगे तो भारत को विकसित राष्ट्र बनने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, कौशल, अनुशासन, सेवा और संस्कार को जीवन का आधार बनाने की अपील की।

राजेश अग्रवाल ने ब्रह्माकुमारीज़ संस्था की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लंबे समय से आध्यात्मिक जागरूकता, नैतिक मूल्यों और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए उल्लेखनीय कार्य कर रही है। ऐसे अभियान युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ समाज में नई चेतना का संचार करते हैं।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, कौशल संवर्धन, रोजगार, शिक्षा, खेल, संस्कृति और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं और नागरिकों ने ‘नशा मुक्त युवा, विकसित भारत’ का संकल्प लेते हुए समाज में जनजागरण फैलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर ब्रह्माकुमारीज़ परिवार के सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, बड़ी संख्या में युवा एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page