ग्रामीणों के बीच पहुंचे उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा, विकास कार्यों की दी सौगात

बच्चों को देखकर रुकवाया काफिला, चॉकलेट खिलाकर जीता दिल

रायपुर, 25 जुलाई 2026। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने शुक्रवार देर शाम कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सिंघनपुरी जंगल, कुम्हारी, खोलवा और टाटावाही का दौरा कर ग्रामीणों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने ग्रामीणों के बीच बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं, कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया और विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
दौरे के दौरान ग्राम पंचायत सिंघनपुरी जंगल में शीतला मंदिर परिसर के पास मंच निर्माण के लिए 2 लाख रुपये तथा बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 3 लाख रुपये की घोषणा की गई। वहीं आश्रित ग्राम कुम्हारी में सामाजिक भवन निर्माण के लिए 6.50 लाख रुपये स्वीकृत करने की घोषणा की गई।
ग्राम पंचायत खोलवा में वीबी-जीरामजी योजना के तहत नवीन आंगनबाड़ी भवन एवं डोम शेड निर्माण की घोषणा की गई। साथ ही आश्रित ग्राम कटोरी में आंगनबाड़ी भवन के पास समतलीकरण कार्य के लिए 2 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।
इसी प्रकार ग्राम पंचायत टाटावाही के अंतर्गत धनौरा के वार्ड क्रमांक 13-14 में मंच निर्माण के लिए 5 लाख रुपये, शेड निर्माण के लिए 8 लाख रुपये, वार्ड क्रमांक 14 में एक हैंडपंप स्थापना तथा वार्ड क्रमांक 10 और 13 में 2.60-2.60 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण की घोषणा की गई।
बच्चों के साथ बिताए आत्मीय पल
जनसंपर्क दौरे के दौरान एक भावनात्मक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब ग्राम सिंघनपुरी जंगल में बच्चों का समूह उप मुख्यमंत्री के काफिले का इंतजार करता दिखाई दिया। बच्चों को देखकर विजय शर्मा ने तुरंत काफिला रुकवाया, उनसे आत्मीय बातचीत की और उन्हें स्थानीय दुकान ले जाकर चॉकलेट दिलाई। इस दौरान बच्चों और ग्रामीणों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, लोहारा नगर पंचायत अध्यक्ष सरिता संतोष मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि परदेशी पटेल, लाला राम साहू, परेतन वर्मा, भूखन साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

