मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना से कांकेर के 40 से अधिक गांवों को मिलेगी परिवहन सुविधा

भानुप्रतापपुर-कोरर और भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ मार्ग पर बस सेवा शुरू, परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के तहत कांकेर जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन सुविधा का विस्तार किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिले के दो नए मार्गों भानुप्रतापपुर-कोरर और भानुप्रतापपुर-अंतागढ़ पर बस सेवा शुरू की गई है। परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने दोनों मार्गों पर बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बस सेवाओं के शुरू होने से 40 से अधिक गांवों के ग्रामीणों को नियमित आवागमन की सुविधा मिलेगी।
नई बस सेवाओं से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, हाट-बाजार और विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए आने-जाने में सहूलियत होगी। विशेषकर दूरस्थ वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विकासखंड मुख्यालय, अस्पताल, विद्यालय और बाजार तक पहुंचने में पहले की तुलना में आसानी होगी।
दूरस्थ गांवों तक सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता : केदार कश्यप
परिवहन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर रही है। मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना के माध्यम से ऐसे गांवों को भी सार्वजनिक परिवहन से जोड़ा जा रहा है, जहां पहले नियमित बस सेवा उपलब्ध नहीं थी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवहन का विस्तार केवल आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह दूरस्थ अंचलों को विकास के नए अवसरों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है। नियमित बस सेवा शुरू होने से ग्रामीणों का समय बचेगा और उन्हें आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी।
ग्रामीणों को मिलेगा सीधा लाभ
कांकेर विधायक आशाराम नेताम ने कहा कि सुदूर अंचलों तक शासन की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दूरस्थ गांवों में बस सेवा का विस्तार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इससे ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों के लिए आवागमन में राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को गति मिलेगी।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण नरेटी, नगर पालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।



