बिजली दरों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, बिजली विभाग का घेराव कर फूंका पुतला


बढ़े हुए बिजली बिलों से जनता परेशान : नवीन जायसवाल
https://youtube.com/shorts/ghacvw_eV0g?si=kEgDpXCS7_50K_MC
कवर्धा। प्रदेश में बिजली दरों में की गई बढ़ोतरी के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने बुधवार को लोहारा नाका मार्ग स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल के नेतृत्व में हुए आंदोलन में पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बढ़ी हुई बिजली दरों को जनविरोधी करार दिया।

इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित होकर रैली के रूप में बिजली विभाग कार्यालय पहुंचे। हाथों में बैनर और तख्तियां लिए कार्यकर्ताओं ने बढ़े हुए बिजली बिलों के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। उनका कहना था कि लगातार बढ़ती महंगाई के बीच बिजली दरों में वृद्धि ने आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
https://youtube.com/shorts/wpQ2OKaWHqw?si=hh4Z7-s8pISINRI2
सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष नवीन जायसवाल ने कहा कि प्रदेश की जनता पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और बढ़ती जीवन-यापन लागत से जूझ रही है। ऐसे समय में बिजली दरों में वृद्धि का फैसला गरीब, किसान, मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए परेशानी बढ़ाने वाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं की अनदेखी कर लगातार ऐसे फैसले ले रही है, जिनका सीधा असर आम लोगों पर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि बढ़े हुए बिजली बिलों से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है, वहीं किसानों को सिंचाई और कृषि कार्यों के लिए अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है। कांग्रेस नेताओं ने बिजली दरों में हुई वृद्धि को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
https://youtube.com/shorts/Njd8ROgNMF8?si=tk-OuvDsWT6D0ZYx
पुलिस से हुई झूमा-झटकी
प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली विभाग कार्यालय के सामने सरकार का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। इस दौरान पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने का प्रयास किया, जिससे दोनों पक्षों के बीच कुछ देर तक धक्का-मुक्की और झूमा-झटकी की स्थिति निर्मित हो गई। हालांकि बाद में स्थिति सामान्य हो गई और कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग की।
कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



