मुख्य सचिव ने सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक में विभागीय योजनाओं की समीक्षा की, रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती के दिए निर्देश

रायपुर, 7 जुलाई 2026। विकास शील ने आज मंत्रालय महानदी भवन में राज्य शासन के सभी विभागों के सचिवों की उच्चस्तरीय बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी विभागों को बैकलॉग के रिक्त पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने विभागीय सचिवों से कहा कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें, ताकि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।
बैठक में ई-ऑफिस, लोक सेवा गारंटी, नियद नेल्लानार डैशबोर्ड, सुघ्घर छत्तीसगढ़, पीएम प्रगति पोर्टल, ई-प्रगति सीजी स्टेट पोर्टल, डी-रेगुलेशन ई-गजट, सेवा सेतु, ग्रामीण विकास विभाग की योजनाएं तथा पीएम सूर्य घर बिजली योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्य सचिव ने शासन की महत्वपूर्ण परियोजनाओं से जुड़े भू-अर्जन प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के भी निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो।
बैठक में वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव ऋचा शर्मा, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख सचिव, सचिव और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


