G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

छत्तीसगढ़ में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान खोलने की पहल, अमित शाह से मिले मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

AIIA स्थापना का रखा प्रस्ताव, कहा- आयुर्वेद, अनुसंधान और स्वास्थ्य सेवाओं का बनेगा राष्ट्रीय केंद्र

नई दिल्ली। छत्तीसगढ़ को आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और उच्च शिक्षा के क्षेत्र में राष्ट्रीय पहचान दिलाने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह  से मुलाकात कर राज्य में अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की स्थापना का प्रस्ताव रखा। नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में हुई इस मुलाकात के दौरान राज्य के विकास, स्वास्थ्य और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। बैठक में उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री साय ने गृह मंत्री को बताया कि नई दिल्ली और गोवा के पणजी में संचालित अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान देश में आयुर्वेद आधारित चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार के प्रमुख केंद्र बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, वन संपदा और औषधीय पौधों से समृद्ध राज्य है, जहां आयुर्वेद के विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के जनजातीय क्षेत्रों में पारंपरिक औषधीय ज्ञान की समृद्ध विरासत है। ऐसे में राज्य में AIIA की स्थापना होने से आयुर्वेद चिकित्सा, अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा मिलेगी। इससे प्रदेशवासियों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी और युवाओं को राष्ट्रीय स्तर के संस्थान में अध्ययन एवं शोध के अवसर प्राप्त होंगे।

उन्होंने कहा कि यह संस्थान केवल छत्तीसगढ़ ही नहीं, बल्कि पूरे मध्य भारत के लिए लाभकारी साबित होगा। पड़ोसी राज्यों के लोगों को भी बेहतर आयुर्वेदिक उपचार, अनुसंधान और प्रशिक्षण सुविधाएं मिल सकेंगी।

मुख्यमंत्री ने केंद्रीय बजट 2026 में तीन नए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना की घोषणा का उल्लेख करते हुए आग्रह किया कि इनमें से एक संस्थान छत्तीसगढ़ को दिया जाए। उन्होंने कहा कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलने के साथ-साथ रोजगार, शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं विकसित होंगी।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने बस्तर सहित राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों, अधोसंरचना विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी केंद्रीय गृह मंत्री को दी।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने छत्तीसगढ़ में विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार सहयोग करती रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page