G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

सैनिक स्कूल अंबिकापुर को मिली आधुनिक खेल सुविधा की सौगात, पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट का हुआ लोकार्पण

मंत्री राजेश अग्रवाल ने किया उद्घाटन, ‘परमवीर गैलरी’ का अनावरण कर कैडेट्स को किया प्रेरित

अंबिकापुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर में नव-निर्मित अत्याधुनिक पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट का लोकार्पण बुधवार को गरिमामय समारोह में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने उद्घाटन कर इस आधुनिक खेल सुविधा को विद्यालय और कैडेट्स को समर्पित किया। कार्यक्रम में सरगुजा कलेक्टर अजीत वसंत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

समारोह का शुभारंभ परमवीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इसके बाद अतिथियों ने विद्यालय परिसर में स्थापित ‘परमवीर गैलरी’ का भी लोकार्पण किया। इस गैलरी में परमवीर चक्र विजेताओं के साहस, बलिदान और राष्ट्रसेवा की प्रेरक गाथाओं को प्रदर्शित किया गया है, जो विद्यार्थियों और कैडेट्स को देशभक्ति एवं कर्तव्यनिष्ठा के लिए प्रेरित करेगी।

अपने संबोधन में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि शिक्षा के साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल अधोसंरचना युवाओं के शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व विकास को नई दिशा देती है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन द्वारा खेल सुविधाओं के विस्तार और गुणवत्ता सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

उद्घाटन समारोह के दौरान नव-निर्मित बैडमिंटन कोर्ट पर प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किए गए। कैडेट्स ने पूरे उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिसे उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने सराहा।

विद्यालय की प्राचार्या रीमा सोबती ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, अनुशासन और खेल गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नए पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट से कैडेट्स को उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।

कार्यक्रम में विद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे। पीवीसी बैडमिंटन कोर्ट और परमवीर गैलरी का लोकार्पण सैनिक स्कूल अंबिकापुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जो विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को और मजबूत करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page