आवेदन के तुरंत बाद घर पहुंची व्हीलचेयर, दिव्यांग मैकिन बाई को मिली बड़ी राहत

आवेदन के तुरंत बाद घर पहुंची व्हीलचेयर, दिव्यांग मैकिन बाई को मिली बड़ी राहत
रायपुर, 25 जुलाई 2026। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में समाज कल्याण विभाग की संवेदनशील पहल से दिव्यांग महिला मैकिन बाई को आवेदन के तुरंत बाद व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई। इस सहायता से उनके दैनिक जीवन में काफी सहजता आई है।
ग्राम बिजरवार, दौंजरा जनपद पंचायत गौरेला निवासी मैकिन बाई लंबे समय से चलने-फिरने में गंभीर कठिनाइयों का सामना कर रही थीं। उन्होंने समाज कल्याण विभाग में व्हीलचेयर के लिए आवेदन किया। उस समय कार्यालय में व्हीलचेयर उपलब्ध नहीं होने पर विभाग ने तत्काल उन्हें अस्थायी रूप से वॉकर उपलब्ध कराया, ताकि उनकी दैनिक गतिविधियां प्रभावित न हों।
इसके बाद विभाग ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर शीघ्र ही व्हीलचेयर की व्यवस्था की। सहायक संचालक नितिन कुमार के निर्देशन में विभाग की टीम स्वयं उनके घर पहुंची और व्हीलचेयर सौंपकर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय दिया।
व्हीलचेयर मिलने के बाद मैकिन बाई को अब आवागमन और दैनिक कार्यों में काफी सुविधा मिलेगी। इससे वे पहले की तुलना में अधिक आत्मविश्वास के साथ अपना दैनिक जीवन जी सकेंगी।
समाज कल्याण विभाग की यह त्वरित पहल इस बात का उदाहरण है कि जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक आवश्यक सुविधाएं समय पर पहुंचाकर उनके जीवन को अधिक सम्मानजनक और सुगम बनाया जा सकता है।


