गेहूं की बेहतर पैदावार के लिए उर्वरकों के संतुलित उपयोग पर दिया जोर

मोहम्मदाबाद गोहना में पीपीएल नवरत्न उर्वरक का उपवितरक सम्मेलन एवं गोष्ठी आयोजित
मोहम्मदाबाद गोहना (मऊ)। स्थानीय ब्लॉक क्षेत्र के सुरूरपुर स्थित जीएस लॉन में गुरुवार को पीपीएल नवरत्न उर्वरक कंपनी की ओर से उपवितरक सम्मेलन एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें क्षेत्रीय वितरकों और कृषि सामग्री विक्रेताओं को गेहूं की बेहतर पैदावार, मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने तथा उर्वरकों के संतुलित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान नवरत्न उर्वरक कंपनी के प्रमुख विपणन अधिकारी अमित कुमार जैन ने उपस्थित वितरकों को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी गेहूं की फसल को ध्यान में रखते हुए किसानों को समय पर उचित कृषि सलाह देना जरूरी है। जैविक खाद, उर्वरकों और आवश्यक कृषि रसायनों का संतुलित एवं सही तरीके से उपयोग करने से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन में सुधार किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि मिट्टी की उर्वरता और उसकी पोषक क्षमता बनाए रखना टिकाऊ खेती के लिए बेहद आवश्यक है। किसानों को अच्छी पैदावार के लिए गुणवत्तापूर्ण उर्वरकों का उपयोग करना चाहिए। साथ ही कृषि रसायनों का प्रयोग फसल की जरूरत और निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही करना चाहिए।
गोष्ठी में अमित त्रिपाठी, अनुज प्रताप सिंह, क्षेत्रीय प्रबंधक अमित सिंह, गौरव चौरसिया, सुमित राठी और अरुणेंद्र मिश्रा सहित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार साझा किए। उन्होंने वितरकों को किसानों तक बेहतर कृषि उत्पादों और उपयोग संबंधी सही जानकारी पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय वितरक विशाल फर्टिलाइजर, द्वारपाल जायसवाल और सौरभ कुमार सहित तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए दुकानदार उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में अच्छी पैदावार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दुकानदारों को किसानों के उपयोग एवं प्रदर्शन के लिए निःशुल्क कृषि रसायन और अन्य सामग्री भी वितरित की गई।
