पर्यटन के नए दौर की ओर बढ़ा बलौदाबाजार, छुइहा जलाशय से गिरौदपुरी धाम तक होगा व्यापक विकास

रायपुर, 6 जुलाई 2026। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने व्यापक पर्यटन विकास योजना पर कार्य शुरू कर दिया है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जिला पर्यटन विकास समिति की बैठक में प्रमुख पर्यटन स्थलों के विकास, पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने संबंधी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि जिले में प्राकृतिक, धार्मिक और इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। इन स्थलों का चरणबद्ध विकास कर जिले की पहचान को मजबूत करने के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति दी जाएगी। संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बैठक में शहर के निकट स्थित छुइहा जलाशय के सौंदर्यीकरण और समग्र विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई। यहां पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं, आकर्षक वातावरण और मनोरंजन के साधन विकसित किए जाएंगे। साथ ही जलाशय क्षेत्र में हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए जल संसाधन विभाग को तत्काल कार्रवाई और संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा खोरसी नाला पर नवीन कृषि उपज मंडी के पास चेक डैम निर्माण एवं वृक्षारोपण, सोनबरसा जंगल सफारी में पर्यटक सुविधाओं का विस्तार, गिरौदपुरी धाम के विकास तथा गिधौरी के समीप महानदी तट के सौंदर्यीकरण जैसे प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इन परियोजनाओं से जिले में धार्मिक, प्राकृतिक और इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलेगा।
बैठक में हीरा स्व-सहायता समूह द्वारा छुइहा जलाशय में बोटिंग संचालन के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। सुरक्षा मानकों के परीक्षण के बाद इस योजना को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया, जिससे महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे।
पर्यटन स्थलों के विकास से जिले में पर्यटकों की संख्या बढ़ने के साथ स्थानीय युवाओं को गाइड, परिवहन, होटल, हस्तशिल्प, स्थानीय व्यंजन, नौकायन और अन्य पर्यटन गतिविधियों से रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।
बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या अग्रवाल, जिला पर्यटन विकास समिति के सदस्य तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


