G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

धान खरीदी से पहले प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 86.40 क्विंटल धान जब्त

पांच स्थानों पर छापेमारी, 216 बोरी धान जब्त; मंडी अधिनियम के तहत पांच प्रकरण दर्ज

कवर्धा। आगामी धान खरीदी को लेकर कबीरधाम जिला प्रशासन ने अवैध धान कारोबार और बिचौलियों की गतिविधियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर खाद्य विभाग और मंडी समिति की संयुक्त टीम ने जिले के पांच स्थानों पर कार्रवाई करते हुए 216 बोरी यानी 86.40 क्विंटल धान जब्त किया है। मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध मंडी अधिनियम के तहत पांच प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

खाद्य अधिकारी चंद्रशेखर देवांगन ने बताया कि धान खरीदी शुरू होने से पहले अवैध धान व्यापार के विरुद्ध यह पहली कार्रवाई है। प्रशासन की ओर से अवैध कारोबार, अनियमित भंडारण और बिचौलियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। इसका उद्देश्य समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारू बनाए रखना है।

इन पांच स्थानों पर हुई कार्रवाई

खाद्य विभाग एवं मंडी समिति की संयुक्त टीम ने अलग-अलग स्थानों पर जांच कर धान जब्त किया। कार्रवाई का विवरण इस प्रकार है।

  • उड़ियाकला: बजरंगबली ट्रेडर्स से 60 बोरी, कुल 24 क्विंटल धान जब्त।
  • बिडोरा: भोजराम पटेल के यहां से 40 बोरी, कुल 16 क्विंटल धान जब्त।
  • कल्याणपुर: पेखन साहू के यहां से 55 बोरी, कुल 22 क्विंटल धान जब्त।
  • भागुटोला: परमात्मा ट्रेडर्स से 50 बोरी, कुल 20 क्विंटल धान जब्त।
  • तरेगांव जंगल: अजय नाग के यहां से 11 बोरी, कुल 4.40 क्विंटल धान जब्त।

इस तरह पांचों स्थानों से कुल 216 बोरी धान जब्त किया गया, जिसका वजन 86.40 क्विंटल है। सभी पांच मामलों में मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने आगामी धान खरीदी को ध्यान में रखते हुए अवैध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खरीदी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित हो और बिचौलियों के माध्यम से होने वाली अनियमितताओं पर रोक लगाई जा सके।

प्रशासन के अनुसार, धान खरीदी से संबंधित नियमों का उल्लंघन करने तथा अवैध कारोबार में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page