3 दिन में 100 आबकारी प्रकरण, कबीरधाम पुलिस की लगातार कार्रवाई

20 सितंबर को 29 मामलों में कार्रवाई, अवैध शराब बिक्री और सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने वालों पर शिकंजा
कवर्धा।कबीरधाम जिले में अवैध शराब बिक्री, शराब पिलाने की सुविधा और सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस के अनुसार, बीते तीन दिनों में जिले में कुल 100 आबकारी प्रकरण दर्ज किए गए हैं। वहीं 20 सितंबर को 29 प्रकरणों में वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और अमित कुमार पटेल के मार्गदर्शन में विभिन्न थाना क्षेत्रों में आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
अवैध शराब बिक्री के 3 मामले
20 सितंबर को अवैध रूप से शराब बिक्री करने के तीन प्रकरण धारा 34(1)(ख) के तहत दर्ज किए गए। पिपरिया क्षेत्र में सालिकराम पिता ईश्वर साहू तथा पंडरिया क्षेत्र में अनिता पति मुन्नाराम साकत और कुंती पति साधुराम पंद्राम के खिलाफ कार्रवाई की गई। पुलिस ने शराब और बिक्री रकम जब्त की।
शराब पिलाने की सुविधा देने वालों पर कार्रवाई
शराब पिलाने की सुविधा उपलब्ध कराने के मामले में 17 लोगों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 36-सी के तहत कार्रवाई की गई। इनमें कुण्डा, कुकदूर, बोड़ला, पोड़ी और पंडरिया थाना क्षेत्र के आरोपी शामिल हैं।
सार्वजनिक स्थान पर शराब पीने पर 9 मामले
सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने वाले 9 लोगों के खिलाफ धारा 36-च(1) के तहत कार्रवाई की गई। इनमें पांडातराई क्षेत्र के छह और पिपरिया क्षेत्र के तीन व्यक्ति शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब बिक्री, शराब पिलाने की सुविधा तथा सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन जैसी गतिविधियों पर निगरानी आगे भी जारी रहेगी और आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।


