निजी विश्वविद्यालयों की जानकारी अब एक क्लिक पर, राज्यपाल ने लॉन्च किया वेब पोर्टल

पाठ्यक्रम, फीस, परीक्षा परिणाम, डिग्री और प्लेसमेंट की जानकारी मिलेगी एक ही जगह
रायपुर, 7 सितंबर। छत्तीसगढ़ के निजी विश्वविद्यालयों से जुड़ी महत्वपूर्ण और अद्यतन जानकारी अब एक ही पोर्टल पर उपलब्ध होगी। राज्यपाल रमेन डेका ने सोमवार को लोक भवन में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के नए वेब पोर्टल cgpurc.cgstate.gov.in का शुभारंभ किया।
इस मौके पर छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष वी.के. गोयल सहित आयोग के सदस्य मौजूद रहे।
फीस से लेकर परीक्षा परिणाम तक की जानकारी
नए पोर्टल पर प्रदेश के निजी विश्वविद्यालयों द्वारा संचालित पाठ्यक्रम, अकादमिक कैलेंडर और प्रवेशित विद्यार्थियों की जानकारी उपलब्ध होगी। विद्यार्थियों की अंकसूची, डिग्री और पिछले वर्षों के परीक्षा परिणाम भी पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।
इसके अलावा विश्वविद्यालयों द्वारा निर्धारित शुल्क, कार्यरत अधिकारियों, विभिन्न समितियों एवं उनके सदस्यों तथा पीएचडी शोध-निर्देशकों की जानकारी भी ऑनलाइन उपलब्ध रहेगी।
प्लेसमेंट और स्टार्टअप की भी जानकारी
पोर्टल पर NEP-2020, नैक प्रत्यायन, अन्य विश्वविद्यालयों के साथ एमओयू, स्किल डेवलपमेंट, इनोवेशन, स्टार्टअप, जॉब ओरिएंटेशन प्रोग्राम, कैंपस प्लेसमेंट और ई-लाइब्रेरी से संबंधित गतिविधियों की जानकारी भी प्रदर्शित की जाएगी।
पारदर्शिता और निगरानी होगी मजबूत
पोर्टल में विश्वविद्यालयों की शैक्षणिक स्वीकृतियों के साथ स्वीकृत, भरे और रिक्त पदों की जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। इससे निजी विश्वविद्यालयों की गतिविधियों में पारदर्शिता बढ़ेगी और विद्यार्थियों, अभिभावकों तथा आम लोगों को जरूरी जानकारी आसानी से मिल सकेगी। साथ ही आयोग के लिए विश्वविद्यालयों की गतिविधियों की प्रभावी निगरानी करना भी आसान होगा।



