धमतरी में कृषि क्रांति: 22 नई सहकारी समितियों से किसानों को बड़ी राहत
रिकॉर्ड खाद-बीज वितरण और कृषि ऋण से खेती को मिली नई गति
रायपुर, 29 जुलाई 2026। खरीफ सीजन 2026-27 में किसानों को समय पर कृषि आदान उपलब्ध कराने और शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाने के लिए धमतरी जिले में 22 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का संचालन शुरू किया गया है। इसके साथ ही जिले में अब कुल 96 सक्रिय समितियां 370 ग्राम पंचायतों के 653 गांवों के किसानों को खाद, बीज, कृषि ऋण और फसल बीमा जैसी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करा रही हैं।
जिले में इस खरीफ सीजन में 29,060 मीट्रिक टन उर्वरक का वितरण किया जा चुका है, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 1,500 मीट्रिक टन अधिक है। बढ़ती मांग को देखते हुए गत वर्ष की अपेक्षा 5,000 मीट्रिक टन अतिरिक्त उर्वरक का भंडारण भी किया गया है। वहीं किसानों को 12,432 क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किए गए हैं, जो पिछले वर्ष से करीब 1,400 क्विंटल अधिक हैं।
कृषि ऋण वितरण के क्षेत्र में भी धमतरी जिले ने उल्लेखनीय प्रगति की है। 350 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 317 करोड़ रुपये का कृषि ऋण किसानों को उपलब्ध कराया जा चुका है। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में वितरित 265 करोड़ रुपये की तुलना में लगभग 57 करोड़ रुपये अधिक है।
प्राकृतिक आपदाओं से किसानों की फसलों की सुरक्षा के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पंजीयन जारी है। योजना में धान (सिंचित एवं असिंचित), मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, कोदो, कुटकी, रागी और मूंगफली जैसी फसलें शामिल हैं। किसान अपनी निकटतम प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति, बैंक शाखा, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC), बीमा कंपनी के पोर्टल या ऐप तथा पटवारी एवं कृषि अधिकारियों के माध्यम से बीमा करा सकते हैं।
जिला प्रशासन ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में फसल बीमा योजना का लाभ लेने की अपील की है। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए किसान टोल फ्री हेल्पलाइन 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन का लक्ष्य सहकारी समितियों के विस्तार, खाद-बीज की निर्बाध उपलब्धता, रिकॉर्ड कृषि ऋण वितरण और फसल बीमा के माध्यम से जिले के प्रत्येक किसान को आत्मनिर्भर और समृद्ध बनाना है।



