धमतरी में कल होगा जिलास्तरीय शाला प्रवेशोत्सव, मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे शुभारंभ

धमतरी में कल होगा जिलास्तरीय शाला प्रवेशोत्सव, मंत्री टंकराम वर्मा करेंगे शुभारंभ
रायपुर, 29 जुलाई 2026। नवीन शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ को उत्सव के रूप में मनाने के लिए 30 जुलाई को धमतरी के मराठा मंगल भवन में सुबह 11 बजे जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री एवं धमतरी जिले के प्रभारी मंत्री टंकराम वर्मा होंगे।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों, गणवेश और शिक्षा किट का वितरण किया जाएगा। वहीं सरस्वती साइकिल योजना के तहत पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें भी प्रदान की जाएंगी। विशेष आवश्यकता वाले दिव्यांग विद्यार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण भी वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण से होगी। इसके बाद नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया जाएगा। समारोह में शिक्षा, खेल, सांस्कृतिक और अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान भी किया जाएगा। विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
बच्चों के लिए विशेष ‘न्योता भोज’ का आयोजन भी किया गया है, जिससे विद्यालय के प्रति अपनापन और उत्साह का वातावरण बने। जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग ने जनप्रतिनिधियों, पालकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर बच्चों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
शाला प्रवेशोत्सव का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे का गरिमापूर्ण स्वागत करना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और विद्यालयों में आनंददायी एवं तनावमुक्त शिक्षण वातावरण तैयार करना है। यह आयोजन राज्य सरकार की हर बच्चे तक बेहतर शिक्षा पहुंचाने की प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जा रहा है।


