गुरु पूर्णिमा पर अघोर गुरु पीठ बनोरा पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, बाबा प्रियदर्शी राम से लिया आशीर्वाद

प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना, गुरु पूर्णिमा की दी शुभकामनाएं

रायपुर, 29 जुलाई 2026। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायगढ़ प्रवास के दौरान ग्राम बनोरा स्थित अघोर गुरु पीठ पहुंचे। यहां उन्होंने अघोरेश्वर अवधूत भगवान राम जी की प्रतिमा के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने पूज्य बाबा प्रियदर्शी राम से आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन भी प्राप्त किया। कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि भारतीय संस्कृति में गुरु ज्ञान, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना के आधार हैं। गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरुजनों के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पावन अवसर है। उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा देने के साथ समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय जीवन की कामना करते हुए सभी नागरिकों को गुरु पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।



