हर परिवार तक सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना सरकार का लक्ष्य : मुख्य सचिव विकासशील

जल जीवन मिशन की समीक्षा में कलेक्टरों को निर्देश, 31 अगस्त तक पूर्ण योजनाओं का भौतिक सत्यापन और 31 दिसंबर तक अधूरे कार्य पूरे करने के निर्देश

रायपुर। मुख्य सचिव विकासशील ने कहा है कि राज्य सरकार का लक्ष्य प्रत्येक परिवार तक सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन से न केवल हर घर तक स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा, बल्कि महिलाओं का समय बचेगा, जलजनित बीमारियों में कमी आएगी और ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य सचिव ने गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के कलेक्टरों के साथ जल जीवन मिशन की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कलेक्टरों को मिशन मोड में कार्य करते हुए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने तथा ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक माह मिशन की प्रगति की नियमित समीक्षा करने को कहा।
31 अगस्त तक होगा भौतिक सत्यापन
बैठक में मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि जिन नल-जल योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है और जिन्हें हस्तांतरित किया जा चुका है, उनका 31 अगस्त तक शत-प्रतिशत भौतिक सत्यापन कर भुगतान सुनिश्चित किया जाए। वहीं जिन योजनाओं का कार्य अधूरा है, उन्हें 31 दिसंबर तक हर हाल में पूरा किया जाए। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए।
जलस्रोत संरक्षण पर बनेगी कार्ययोजना
मुख्य सचिव ने कहा कि निर्माण कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए रनिंग बिलों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वीबी-जी राम-जी, जिला खनिज न्यास (डीएमएफ), सांसद एवं विधायक निधि, सीएसआर तथा अन्य उपलब्ध वित्तीय स्रोतों का उपयोग कर योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रत्येक जिले को जलस्रोतों का आकलन करने, नए जल स्रोतों की पहचान, जलस्रोत संरक्षण एवं रिचार्ज व्यवस्था विकसित करने तथा प्रत्येक स्रोत के संरक्षण के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने को कहा। जिन क्षेत्रों में वर्तमान स्रोत से पेयजल उपलब्ध कराना संभव नहीं है, वहां वैकल्पिक स्रोतों की पहचान कर शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
नियमित मॉनिटरिंग पर दिया जोर
मुख्य सचिव ने प्रत्येक जिले को गांवों को इकाई मानते हुए शत-प्रतिशत हर घर नल-जल कवरेज सुनिश्चित करने, जिला जल एवं स्वच्छता समिति की नियमित मासिक बैठक आयोजित करने तथा बैठक की कार्यवाही समय पर विभागीय पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की नियमित मॉनिटरिंग, बेहतर योजना और प्रभावी समन्वय से ही राज्य के प्रत्येक परिवार तक समयबद्ध तरीके से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जा सकेगा।
वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से आयोजित इस समीक्षा बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सचिव मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, सभी जिलों के कलेक्टर तथा विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।


