G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhKCGखास-खबर

अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत श्रमिकों के बच्चों को मिलेगी निःशुल्क आवासीय शिक्षा

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG

3 जुलाई 2026 तक कर सकते हैं आवेदन

खैरागढ़ : श्रम विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल द्वारा पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना संचालित की जा रही है। योजना के तहत शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कक्षा छठवीं में प्रवेश लेने वाले पात्र विद्यार्थियों को चयनित निजी आवासीय विद्यालयों में कक्षा 12वीं तक निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाएगी।

जिला श्रम पदाधिकारी  उज्जवल भोई ने बताया कि जिले को योजना अंतर्गत 5 सीटों का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। पात्र पंजीकृत निर्माण श्रमिक अपने बच्चों के लिए 3 जुलाई 2026 तक विभागीय वेब पोर्टल Shramevjayate.cg.gov.in
अथवा श्रमेव जयते मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज जिला श्रम कार्यालय, कक्ष क्रमांक-23, प्रथम तल, कलेक्टोरेट परिसर खैरागढ़ में भी जमा किए जा सकते हैं।

योजना का लाभ पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की प्रथम दो संतानों को मिलेगा। इसके लिए श्रमिक पंजीयन कम से कम एक वर्ष पुराना होना आवश्यक है तथा विद्यार्थी वर्तमान शैक्षणिक सत्र में कक्षा छठवीं में प्रवेश लेने वाला होना चाहिए। विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा।

आवेदन के लिए श्रम पंजीयन कार्ड, बच्चे का आधार कार्ड, मूल निवास प्रमाण पत्र, पिछली कक्षा की अंकसूची, वर्तमान अध्ययन प्रमाण पत्र, नियोजन संबंधी स्व-घोषणा पत्र तथा योजना संबंधी स्व-घोषणा पत्र प्रस्तुत करना होगा।

योजना के अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा छठवीं से बारहवीं तक निःशुल्क शिक्षा, आवास तथा अन्य शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। श्रम विभाग ने पात्र निर्माण श्रमिकों से योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page