पैलीमेटा सेवा सहकारी समिति में धान खरीदी की सघन जांच की मांग, कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला KCG

गंडई/ पैलिमेटा : सेवा सहकारी समिति मर्यादित पैलीमेटा क्रमांक 1018 में वर्ष 2025-26 की धान खरीदी में कथित अनियमितताओं को लेकर पूर्व जिला पंचायत सदस्य एवं जिला कांग्रेस कमेटी केसीजी की महामंत्री ममता राजेश पाल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सघन जांच की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि समिति में खरीदे गए धान में लगभग 1500 क्विंटल की कमी होने का अनुमान है, जिसकी निष्पक्ष जांच कराई जाना आवश्यक है। साथ ही समिति प्रबंधन पर किसानों से केसीसी ऋण वितरण के दौरान पूर्व ऋण बकाया बताकर वसूली करने का भी आरोप लगाया गया है। इससे किसानों को मानसिक एवं आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ममता पाल ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी शिकायत की गई थी, जिस पर कलेक्टर द्वारा तीन सदस्यीय जांच समिति का गठन किया गया था, लेकिन अब तक जांच रिपोर्ट और कार्रवाई सामने नहीं आई है।
ज्ञापन में कलेक्टर से सेवा सहकारी समिति मर्यादित पैलीमेटा क्रमांक 1018 एवं इसकी शाखा साल्हेवारा की अतिशीघ्र सघन जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र के किसानों में भी जांच और पारदर्शी कार्रवाई की अपेक्षा बनी हुई है। प्रशासन की ओर से फिलहाल ज्ञापन प्राप्त कर नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।


