रायपुर में हुई स्काउट्स एवं गाइड्स की राज्य कार्यकारिणी बैठक, जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने रखा केसीजी का पक्ष

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
खैरागढ़ : भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ की राज्य कार्यकारिणी बैठक रायपुर में आयोजित हुई, जिसमें प्रदेशभर से जिला मुख्य आयुक्तों एवं पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, युवा नेतृत्व विकास, सेवा गतिविधियों के विस्तार तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर व्यापक चर्चा की गई। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले का प्रतिनिधित्व जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने किया। उन्होंने जिले में संचालित स्काउट-गाइड गतिविधियों और युवाओं को संगठन से जोड़ने के प्रयासों की जानकारी राज्य नेतृत्व के समक्ष रखी।
बैठक में विद्यालयों में स्काउटिंग गतिविधियों के विस्तार, युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने, समाजोपयोगी सेवा कार्यों को बढ़ावा देने तथा प्रदेशव्यापी वृहद पौधारोपण अभियान चलाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह खालसा “गोल्डी” से सौजन्य भेंट कर संगठनात्मक विषयों एवं जिले की भावी योजनाओं पर चर्चा की। राज्य मुख्य आयुक्त ने स्काउटिंग के मूल उद्देश्य सेवा, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण की भावना को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पदाधिकारियों के साथ अनुभवों का आदान-प्रदान भी हुआ। जिला मुख्य आयुक्त भागवत शरण सिंह ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स युवाओं में सेवा, संस्कार, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी मंच है, जिसके माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सार्थक योगदान दिया जा सकता है। बैठक में आजीवन सदस्य कमलेश्वर सिंह, विकासखंड सचिव सुनील गुनी एवं युवा समाजसेवी उत्तम दशरिया भी उपस्थित रहे।

