G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

सेवा, शिद्दत और संकल्प से करें काम, बेमेतरा को बनाएं अग्रणी जिला : उप मुख्यमंत्री अरुण साव

रायपुर, 31 जुलाई। उप मुख्यमंत्री एवं बेमेतरा जिले के प्रभारी मंत्री श्री अरुण साव ने अधिकारियों से सेवा, शिद्दत और संकल्प के साथ कार्य करते हुए बेमेतरा को विकास के हर क्षेत्र में प्रदेश का अग्रणी जिला बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसेवक की भावना से कार्य करते हुए प्रत्येक अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में लक्ष्यों को पूरा करे और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरे।

बेमेतरा जिला मुख्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में श्री साव ने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री दयाल दास बघेल, विधायक श्री दीपेश साहू, श्री ईश्वर साहू, कलेक्टर श्रीमती प्रतिष्ठा ममगाईं सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

उप मुख्यमंत्री ने खरीफ सीजन को देखते हुए किसानों को पर्याप्त खाद-बीज उपलब्ध कराने, मौसमी बीमारियों की रोकथाम, जल संरक्षण, जल संवर्धन और जल संचयन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने जल जीवन मिशन की योजनाओं का ग्राम पंचायतों को हस्तांतरण कर उनके प्रभावी संचालन पर भी जोर दिया। साथ ही बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत और सड़क सुरक्षा के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।

श्री साव ने कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना तथा आदिवासी विकास प्राधिकरण के अंतर्गत चल रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध क्रियान्वयन पर बल दिया।

उन्होंने जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए वर्षा जल संग्रहण, तालाबों और नहरों के जीर्णोद्धार, वृक्षारोपण, प्रदूषण नियंत्रण, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण और सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उप मुख्यमंत्री ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास और अनुशासन के लिए आवश्यक हैं। उन्होंने सभी पात्र हितग्राहियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने, कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

बैठक में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने भी सभी विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा करने और जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर गंभीरता से अमल करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, पुलिस अधीक्षक उत्रिलोक बंसल तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page