पक्की नाली बनने से जुंगेरा के ग्रामीणों को मिलेगी जलभराव से राहत

विकसित भारत जी राम जी के तहत वर्षों पुरानी मांग हुई पूरी, गांव में सुधरेगी जल निकासी व्यवस्था
रायपुर, 12 जुलाई। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए संचालित विकसित भारत जी राम जी अभियान के तहत बालोद जिले की ग्राम पंचायत जुंगेरा में पक्की नाली का निर्माण कराया जा रहा है। इस निर्माण कार्य से वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा और बरसात के दौरान ग्रामीणों को जलजमाव, गंदगी तथा आवागमन की कठिनाइयों से राहत मिलेगी।
ग्राम पंचायत की सरपंच नीलम कोठारी ने बताया कि गांव में लंबे समय से कच्ची नाली होने के कारण बारिश का पानी गलियों और कई घरों तक पहुंच जाता था। इससे लोगों को भारी परेशानी होती थी और घरेलू सामान भी खराब हो जाते थे। पंचायत द्वारा लंबे समय से इस समस्या के समाधान के प्रयास किए जा रहे थे, जो अब साकार हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पक्की नाली बनने से जल निकासी व्यवस्था बेहतर होगी, गांव में स्वच्छता बढ़ेगी और ग्रामीणों का जीवन अधिक सुविधाजनक बनेगा। इस विकास कार्य को लेकर ग्रामीणों में उत्साह है और उनका मानना है कि वर्षों पुरानी समस्या के समाधान से बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से स्थायी राहत मिलेगी।
सरपंच नीलम कोठारी ने ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनहितकारी और विकासोन्मुखी योजनाओं के कारण गांवों में स्थायी विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं, जिससे ग्रामीणों के जीवन स्तर में लगातार सुधार आ रहा है।




