G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
BilaspurChhattisgarhINDIAखास-खबर

देश के स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृतियों को स्थायी स्वरूप देने की जरूरत: गणेश शंकर मिश्रा

ई. राघवेन्द्र राव की जयंती पर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 500 से ज्यादा लोगों ने कराया स्वास्थ्य परीक्षण, विधायक सुशांत शुक्ला ने सेवा सदन भवन का पूरा खर्च उठाने की घोषणा

बिलासपुर। महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ई. राघवेन्द्र राव की 137वीं जयंती के अवसर पर रविवार को सखी निवास, सरस्वती होम्स (सीपत रोड) में आयोजित निःशुल्क स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर में 500 से अधिक नागरिकों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जबकि 15 लोगों ने रक्तदान भी किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ शासन के नीति आयोग के उपाध्यक्ष गणेश शंकर मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज वंदन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान केवल आयोजनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनकी स्मृतियों को स्थायी स्वरूप देकर नई पीढ़ी को उनके त्याग और राष्ट्रसेवा से परिचित कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने ई. राघवेन्द्र राव के शिक्षा, प्रशासन और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को याद करते हुए उनके कार्यों को प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के प्रस्तावित सेवा सदन भवन के निर्माण का संपूर्ण व्यय स्वयं वहन करने की घोषणा की। उन्होंने भवन निर्माण के लिए शीघ्र भूमि चयन का आग्रह करते हुए कहा कि जिन स्वतंत्रता सेनानियों को इतिहास में उचित स्थान नहीं मिला, उनकी स्मृति में एक भव्य स्मृति-दीवार भी बनाई जानी चाहिए।

कलेक्टर संजय अग्रवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि समाज की भागीदारी से होने वाले ऐसे सेवा कार्य अनुकरणीय हैं। उन्होंने भविष्य में ऐसे शिविर बड़े स्तर पर आयोजित करने तथा प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे ने भी निगम की ओर से सामाजिक एवं जनसेवा कार्यक्रमों में सहयोग देने की बात कही।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शुभा गढ़ेवाल ने शिविर के सफल आयोजन के लिए आयोजकों और चिकित्सकों की सराहना की। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष मुरली खण्डेलवाल ने कहा कि बिलासपुर इकाई का यह आयोजन प्रदेशभर के लिए प्रेरणादायी मॉडल बनेगा।

शिविर में नेत्र, अस्थि, मेडिसिन, स्त्री एवं प्रसूति, शिशु, मनोरोग, ईएनटी, दंत चिकित्सा सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने निःशुल्क सेवाएं दीं। 79 वर्षीय वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अनीता सिंह की निरंतर सेवाओं की कलेक्टर संजय अग्रवाल ने विशेष प्रशंसा की।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश बाजपेयी, पूर्व महापौर वाणी राव, ई. रामेंद्र बाबा राव, तान्या राव सहित अनेक जनप्रतिनिधियों, चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का सम्मान शाल एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर किया गया। कार्यक्रम का संचालन शिविर प्रभारी एवं संयोजक अनिल तिवारी ने किया। आयोजन में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page