घर-घर दस्तक देकर स्वच्छता का संदेश दे रहे स्वच्छाग्रही

भोरमदेव सरस मेला और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विशेष अभियान

कवर्धा, 10 अगस्त 2026। कबीरधाम जिले में भोरमदेव सरस मेला एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वच्छाग्रही गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि स्वच्छाग्रही साथी घर-घर जाकर ग्रामीणों को गीला, सूखा, सेनेटरी एवं विशेष कचरा अलग-अलग रखने की समझाइश दे रहे हैं। इसके साथ ही सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने और कचरा केवल निर्धारित स्थान पर डालने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
स्वच्छाग्रहियों द्वारा ग्रामीणों से भोरमदेव सरस मेले को स्वच्छ एवं प्लास्टिक मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील भी की जा रही है। अभियान के दौरान स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ लोगों को कचरा प्रबंधन की सही प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है।
जनभागीदारी से बनेगा स्वच्छता जनआंदोलन
सीईओ श्री अग्रवाल ने कहा कि स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। जिले के नागरिक स्वच्छाग्रहियों द्वारा दिए जा रहे सुझावों का पालन करें और अपने घर, गांव तथा आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग दें। सामूहिक प्रयासों से कबीरधाम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।




