केसीजी में यातायात नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, 10 दिन में 192 चालान, ₹63,100 का जुर्माना

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो KCG
खैरागढ़ : जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के लिए केसीजी पुलिस द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। चौक-चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, हेलमेट पहनने, मालवाहक वाहनों में सवारी नहीं बैठाने, बिना नंबर प्लेट वाहन नहीं चलाने, दोपहिया वाहन में तीन सवारी नहीं बैठाने, शराब पीकर वाहन नहीं चलाने तथा वाहन के आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
इसी क्रम में 1 जून से 10 जून 2026 तक मोटरयान अधिनियम के तहत विशेष अभियान चलाकर 192 प्रकरणों में कार्रवाई की गई तथा ₹63,100 का अर्थदंड वसूला गया।
कार्रवाई के दौरान बिना नंबर प्लेट के 47, तीन सवारी के 44, बिना हेलमेट के 8, बिना सीट बेल्ट के 14, मालवाहक वाहन में सवारी बैठाने के 3, शराब पीकर वाहन चलाने के 5, प्रेशर हॉर्न के 20, नाबालिग द्वारा वाहन संचालन के 1, काला शीशा लगाने के 1, मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के 1 तथा अन्य धाराओं के 48 प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस के अनुसार, शराब पीकर वाहन चलाते पाए गए चालकों को न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। प्रकरणों के निराकरण के बाद संबंधित चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए परिवहन विभाग को भी प्रकरण भेजे जा रहे हैं। वहीं, मालवाहक वाहनों में सवारी परिवहन करने वाले चालकों के विरुद्ध भी लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई लगातार जारी है।
केसीजी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित सड़क संस्कृति के निर्माण में सहयोग दें।