के.सी.जी.महिला पुलिस स्टाफ द्वारा कन्या छात्रावासों का सुरक्षा निरीक्षण

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार KCG
खैरागढ़ : महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए थाना खैरागढ़ क्षेत्र अंतर्गत संचालित विभिन्न कन्या छात्रावासों का महिला पुलिस स्टाफ द्वारा निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान छात्रावासों की सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था, रात्रिकालीन सुरक्षा, आगंतुक पंजी, सीसीटीवी व्यवस्था (जहाँ उपलब्ध हो) तथा अन्य आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों का सूक्ष्मता से परीक्षण किया गया। इस दौरान छात्रावास अधीक्षिकाओं एवं छात्राओं से संवाद कर उनकी सुरक्षा संबंधी जानकारी प्राप्त की गई तथा किसी भी प्रकार की आपातकालीन अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने हेतु आवश्यक संपर्क नंबर उपलब्ध कराए गए।
महिला पुलिस अधिकारियों द्वारा छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, हेल्पलाइन सेवाओं के उपयोग तथा आत्म-सुरक्षा के संबंध में जागरूक करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही छात्रावास प्रबंधन को सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाए रखने हेतु आवश्यक सुझाव प्रदान किए गए।
खैरागढ़ पुलिस द्वारा आमजन से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, अपराध अथवा आपातकालीन स्थिति की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, जिससे समय पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



