VB-G RAM G से खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्रामीण विकास को मिलेगी नई दिशा, आज 2 जुलाई को होगा योजना का शुभारंभ
AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला प्रतिनिधि KCG
खैरागढ़ : देशभर में 1 जुलाई 2026 से विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) VB-G RAM G योजना लागू हो रही है। खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में भी इस महत्वाकांक्षी योजना के क्रियान्वयन की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार, आजीविका संवर्धन एवं आधारभूत विकास को नई गति देने के उद्देश्य से प्रारंभ की जा रही है। योजना का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत-2047” के विजन को साकार करने की दिशा में ग्रामीण भारत को सशक्त, आत्मनिर्भर एवं समृद्ध बनाना है। योजना के माध्यम से ग्रामीण परिवारों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण, आजीविका संवर्धन एवं गांवों के समग्र विकास को बढ़ावा दिया जाएगा।
राज्य के बजट में 4000 करोड़ रुपए का प्रावधान
योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को मांग के आधार पर वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी प्रदान की जाएगी। इसके साथ ही जल संरक्षण, ग्रामीण अधोसंरचना विकास, कृषि आधारित कार्य, प्राकृतिक संसाधन प्रबंधन एवं आजीविका संवर्धन जैसे टिकाऊ कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। विकसित ग्राम की परिकल्पना को साकार करने के लिए योजना में 318 प्रकार के कार्यों को शामिल किया गया है। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ राज्य के वर्ष 2026-27 के बजट में 4000 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
आज 2 जुलाई को जिले में होगा योजना का शुभारंभ
योजना की शुरुआत एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए 2 जुलाई 2026 को पान अनुसंधान केंद्र, रामपुर नवागांव, छुईखदान में जन सम्मेलन सह शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन सुबह 11 बजे होगा। इस अवसर पर ग्रामीणों को योजना की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में योजना का शुभारंभ किया जाएगा। साथ ही केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी देखा जाएगा।
ग्राम सभा की भूमिका होगी और अधिक सशक्त
इस योजना के अंतर्गत ग्रामीण परिवारों को वर्ष में 125 दिनों तक रोजगार की गारंटी, 15 दिवस के भीतर मजदूरी भुगतान, तथा कार्य उपलब्ध नहीं होने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ते का प्रावधान किया गया है। डिजिटल जॉब कार्ड, तकनीक आधारित कार्य प्रबंधन प्रणाली एवं समयबद्ध पारदर्शी भुगतान व्यवस्था के साथ ग्राम सभा की भूमिका को और अधिक सशक्त बनाया गया है।
ग्राम पंचायतों की कार्ययोजना ग्राम सभा से होगी तैयार
VB-G RAM G के अंतर्गत जल संरक्षण, सिंचाई, ग्रामीण सड़क, वृक्षारोपण एवं टिकाऊ परिसंपत्तियों के निर्माण पर विशेष जोर दिया जाएगा। यह योजना ग्रामीण युवाओं के लिए कौशल विकास एवं आजीविका के नए अवसर भी उपलब्ध कराएगी। सामाजिक अंकेक्षण एवं डिजिटल निगरानी से पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। नई व्यवस्था के तहत ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की कार्ययोजना ग्राम सभा के माध्यम से तैयार की जाएगी, जिससे स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों का चयन किया जा सकेगा।
खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला प्रशासन द्वारा योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, रोजगार के अवसर बढ़ाने तथा गांवों में विकास की स्थायी आधारशिला तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगी।

