मोहला-मानपुर में दुर्लभ पैंगोलिन का सुरक्षित रेस्क्यू, जंगल में छोड़ा गया

रायपुर, 3 अगस्त। मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के मोहला तहसील अंतर्गत ग्राम कुंजंटोला में वन विभाग ने दुर्लभ एवं संरक्षित वन्यप्राणी पैंगोलिन का सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर उसे सुरक्षित आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया। वन मंत्री केदार कश्यप की पहल के अनुरूप राज्य में वन्यजीव संरक्षण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार रविवार को ग्राम कुंजंटोला निवासी जयंत कुमार के घर में पैंगोलिन के घुसने की सूचना वन विभाग को मिली। सूचना मिलते ही विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरी सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया।
वनमंडलाधिकारी के मार्गदर्शन में परिक्षेत्र अधिकारी पंकज पटेल के नेतृत्व में टीम ने पैंगोलिन को सुरक्षित रेस्क्यू कर आरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ दिया। अभियान में डिप्टी रेंजर महेंद्र बघेल और शोभित राम यादव ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वन विभाग ने कहा कि समय पर सूचना मिलने और प्रशिक्षित टीम की तत्परता से एक दुर्लभ वन्यजीव की जान बचाई जा सकी। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी क्षेत्र में वन्यजीव दिखाई दे तो उसे नुकसान न पहुंचाएं और तत्काल वन विभाग को इसकी सूचना दें।
उल्लेखनीय है कि पैंगोलिन वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की अनुसूची-1 (Schedule-I) में शामिल अत्यंत संरक्षित प्रजाति है। राज्य सरकार वन्यजीव संरक्षण, त्वरित रेस्क्यू और जनजागरूकता के माध्यम से इसके संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।




