G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

नक्सली हिंसा के 13 पीड़ितों को 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

रायपुर, 3 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल पर बीजापुर जिले में नक्सली हिंसा से प्रभावित 13 पीड़ितों को पुनर्वास नीति के तहत कुल 32 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। वन एवं बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार यह सहायता गंभीर रूप से घायल और स्थायी रूप से दिव्यांग हुए पीड़ितों को प्रदान की जाएगी।

राज्य सरकार के अनुसार इस सहायता का उद्देश्य नक्सली हिंसा से प्रभावित नागरिकों को आर्थिक संबल देकर उनका पुनर्वास सुनिश्चित करना तथा उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना है।

इन पीड़ितों को मिलेगा लाभ

सहायता प्राप्त करने वालों में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ के दौरान क्रॉस फायरिंग में घायल नंदू ओयाम और जिला कुंजाम, माओवादियों की मारपीट में घायल ईस्ता बोर्रा, बारूदी सुरंग विस्फोट में घायल मितराम रावटे, आईईडी विस्फोट में घायल कोरसे संतोष, चिड़ेम कन्हैया और कविता कुड़ियम शामिल हैं। वहीं माओवादियों की मारपीट से स्थायी रूप से दिव्यांग हुए इच्चामी सुदरू तथा आईईडी विस्फोट में गंभीर रूप से घायल या दिव्यांग हुए राममूर्ति कारम, बबलू उर्फ मोहन कड़ती, गंगा कलमू, राजेश कुमार यादव और सोढ़ी मुकेश को भी सहायता मिलेगी।

डीबीटी के माध्यम से होगा भुगतान

बीजापुर कलेक्टर विश्वदीप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि स्वीकृत सहायता राशि का भुगतान डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से शीघ्र हितग्राहियों के बैंक खातों में किया जाए, ताकि उन्हें समय पर आर्थिक राहत मिल सके।

राज्य सरकार का कहना है कि पुनर्वास नीति के माध्यम से नक्सली हिंसा से प्रभावित नागरिकों को राहत, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। यह पहल पीड़ित परिवारों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और पुनर्वास के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page