G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIARaipurखास-खबर

पुलिस के अफसर-जवानों को पदक और पुरस्कारों से सम्मान, 36 साल की सेवा पर ASI रामावतार को राष्ट्रपति पदक

मुख्यमंत्री साय ने स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारियों-कर्मचारियों को किया सम्मानित

रायपुर, 15 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस और नगर सेना के अधिकारियों-कर्मचारियों को उत्कृष्ट, कर्तव्यनिष्ठ और विशिष्ट सेवाओं के लिए पदक एवं राज्य स्तरीय पुरस्कारों से सम्मानित किया। रक्षित केंद्र धमतरी के सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्षों से अधिक की निष्ठावान सेवा और प्रशिक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए राष्ट्रपति विशिष्ट सेवा पदक-2026 से नवाजा गया।

10 पुलिसकर्मियों को भारतीय पुलिस पदक

सराहनीय सेवा, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और आधुनिक नवाचारों के लिए 10 पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों को भारतीय पुलिस पदक-2026 प्रदान किया गया। इनमें IG बिलासपुर रेंज रामगोपाल, SSP रायगढ़ शशिमोहन सिंह, SP ATS नवा रायपुर राजश्री मिश्रा, SP रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, सेनानी 7वीं वाहिनी CAF भिलाई निवेदिता पॉल, सेनानी 20वीं वाहिनी महासमुंद मनीषा ठाकुर रावटे, DCP रायपुर तारकेश्वर पटेल, ASP विशेष आसूचना शाखा उनैजा खातून अंसारी, सहायक सेनानी जयलाल मरकाम और प्लाटून कमांडर हजारी लाल साहू शामिल हैं।

बाढ़ बचाव और गोताखोरी के लिए पदक

आपदा प्रबंधन और जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान के लिए नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ बचाव कार्य और नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी एवं प्रशिक्षण कार्यों के लिए गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026 दिया गया।

महिला-बाल सुरक्षा में उत्कृष्ट काम पर पुरस्कार

कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा महिला-बाल सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस अधिकारियों को वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय एवं DGP पुरस्कार भी दिए गए।

जांजगीर-चांपा के ASI रामेश्वर प्रसाद यादव को गुरु घासीदास पुरस्कार, रायपुर की निरीक्षक अर्चना धुरंधर को राज्यपाल पुरस्कार और रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार तथा गरियाबंद की SDOP निशा सिन्हा को पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पुरस्कार मिला।

बिलासपुर के अजाक थाना प्रभारी निरीक्षक उत्तम साहू को उत्कृष्ट थाना संचालन के लिए शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार और DSP अजाक बिलासपुर डीआर टंडन को पुलिस महानिदेशक पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कारों के तहत संबंधित अधिकारियों को नकद राशि, ट्रॉफी/रनिंग शील्ड एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

जवानों ने किया शानदार मार्च पास्ट

समारोह में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक विवेकानंद के संपूर्ण प्रभार तथा नगर पुलिस अधीक्षक दर्री विमल कुमार पाठक के नेतृत्व में भव्य परेड हुई। केंद्रीय अर्धसैनिक बलों, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना, NCC और विशेष शाखाओं की टुकड़ियों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page