कुशाभाऊ ठाकरे का जीवन राष्ट्रसेवा और संगठन निर्माण के लिए समर्पित रहा : सीएम साय

जयंती पर मुख्यमंत्री ने निवास में छायाचित्र पर माल्यार्पण कर किया नमन, कहा- सादगी और अनुशासन ने बनाया सार्वजनिक जीवन का आदर्श

रायपुर, 15 अगस्त। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने स्वर्गीय कुशाभाऊ ठाकरे की जयंती पर मुख्यमंत्री निवास में उनके छायाचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने श्री ठाकरे के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद करते हुए राष्ट्र एवं समाज के प्रति उनके योगदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, संगठन निर्माण और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। सादगी, अनुशासन, निष्ठा और सेवाभाव उनके व्यक्तित्व की पहचान थी। उन्होंने अपने आचरण और कार्यशैली से सार्वजनिक जीवन में उच्च आदर्श स्थापित किए।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना प्राथमिकता
सीएम साय ने कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे ने संगठन को मजबूत करने के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर उसकी सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। कार्यकर्ताओं के प्रति उनकी आत्मीयता और सहज व्यवहार ने उन्हें सार्वजनिक जीवन में अलग पहचान दी। उनके विचार आज भी समाज और संगठन के लिए प्रेरणादायी हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी जयंती उनके आदर्शों और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर है। राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनकल्याण के लिए समर्पित भाव से काम करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
उन्होंने प्रदेशवासियों से कुशाभाऊ ठाकरे के सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिष्ठा के आदर्शों को अपनाकर विकसित एवं समृद्ध भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।


