नकटी अतिक्रमण मामले में कांग्रेस पर भाजपा का हमला, डॉ. नवीन मार्कण्डेय बोले- “कांग्रेस कर रही निम्न स्तरीय राजनीति”

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय ने नकटी ग्राम में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर निम्न स्तरीय राजनीति कर रही है और ग्रामीणों को गुमराह कर आंदोलन के लिए उकसा रही है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित पत्रकार वार्ता में डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि नकटी ग्राम का पूरा मामला पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय शुरू हुई प्रक्रिया से जुड़ा है। उनके अनुसार वर्ष 2020 में हाउसिंग बोर्ड द्वारा आवासीय कॉलोनी विकसित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी और उसी दौरान भूमि चिन्हांकन सहित आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई पूरी हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2022-23 में प्रस्तावित कॉलोनी की जानकारी मिलने के बाद बड़े पैमाने पर सरकारी भूमि पर अतिक्रमण हुआ।
उन्होंने दावा किया कि जहां ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र परिवारों को लगभग ढाई डिसमिल भूमि दी जाती है, वहीं कई लोगों ने 10 हजार से 20 हजार वर्गफीट तक भूमि पर कब्जा कर मकान और बाड़ी बना ली।
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि नया रायपुर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाला नकटी ग्राम चरणबद्ध विकास योजना का हिस्सा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब उसी मामले पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या कांग्रेस अवैध कब्जों का समर्थन करती है।
भाजपा नेता ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में सरकारी भूमि की बिक्री से संबंधित निर्णय लिए गए थे, जिन्हें बाद में न्यायालय ने निरस्त कर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों के हितैषी होने का दावा करती है, जबकि उसके शासनकाल में सेरीखेड़ी में 122 परिवारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाया गया था।
डॉ. मार्कण्डेय ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार ने अतिक्रमण हटाने से पहले प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की प्रक्रिया अपनाई। उनके अनुसार 29 जून को 61 परिवारों को नया रायपुर के सेक्टर-30 में आवास आवंटित कर चाबियां सौंपी गईं, जिसके बाद नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने कहा कि कांग्रेस यह गलत प्रचार कर रही है कि पूरा नकटी गांव तोड़ा गया है। उन्होंने दावा किया कि गांव के कुल 17 वार्डों में से केवल उस वार्ड में कार्रवाई हुई, जहां सरकारी भूमि पर अतिक्रमण था। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिस आवासीय परियोजना का निर्माण हो रहा है, वह केवल विधायकों के लिए नहीं, बल्कि अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए भी प्रस्तावित सामूहिक आवास योजना का हिस्सा है।
इस अवसर पर रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर, रायपुर ग्रामीण जिला अध्यक्ष श्याम नारंग तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु भी उपस्थित रहे।



