कंझेटा स्कूल में 495 विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने ली नशामुक्ति की शपथ

चित्रकला, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को दिया नशामुक्त समाज का संदेश

कवर्धा। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल कंझेटा, विकासखंड पंडरिया में नशामुक्ति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर 495 विद्यार्थियों एवं उपस्थितजनों ने नशामुक्ति की शपथ ली।

कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देशानुसार एवं समाज कल्याण विभाग की उपसंचालक श्रीमती अभिलाषा पंडा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। उन्हें नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा परिवार, मित्रों और समाज में नशामुक्ति का संदेश प्रसारित करने के लिए जागरूकता दूत के रूप में सक्रिय भूमिका निभाने प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए नशामुक्ति विषय पर चित्रकला, निबंध एवं रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। चित्रों, रंगोली और निबंधों के माध्यम से नशे के दुष्परिणाम, पारिवारिक एवं सामाजिक नुकसान तथा नशामुक्त समाज के महत्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों सहित कुल 495 उपस्थितजनों ने नशे से दूर रहने, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन अपनाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। कार्यक्रम के सफल आयोजन में समाज कल्याण विभाग एवं नशा मुक्त भारत अभियान के वॉलेंटियर श्री सालिक राम बांधवे तथा विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय सहयोग रहा।



