सावन के पहले सोमवार पर सेवा और सुरक्षा का संगम, श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी कबीरधाम पुलिस

कवर्धा। सावन मास के प्रथम सोमवार पर बाबा भोरमदेव धाम में उमड़े हजारों कांवड़ यात्रियों, पदयात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा सुनिश्चित करने के लिए कबीरधाम पुलिस ने सेवा और समर्पण की अनूठी मिसाल पेश की। कानून-व्यवस्था संभालने के साथ-साथ पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए सेवा शिविर लगाकर स्वल्पाहार एवं पेयजल का वितरण भी किया।

पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव (आईपीएस) के निर्देशन में थाना भोरमदेव एवं चौकी पौड़ी की टीम ने थाना भोरमदेव के सामने विशेष सेवा शिविर संचालित किया। शिविर में बड़ी संख्या में कांवड़ यात्रियों, पदयात्रियों और दर्शनार्थियों को स्वल्पाहार तथा शीतल पेयजल उपलब्ध कराया गया।

सावन के पावन अवसर पर बाबा भोरमदेव धाम में छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विभिन्न शासकीय विभागों, सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी मार्ग में सेवा शिविर स्थापित किए थे। इस दौरान कबीरधाम पुलिस ने पूरे मेला क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, यातायात संचालन, वीआईपी मूवमेंट और सुरक्षा व्यवस्था का प्रभावी संचालन किया।
पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव स्वयं अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सेवा शिविर में मौजूद रहे और श्रद्धालुओं को स्वल्पाहार वितरित किया। पुलिस अधिकारी एवं जवान अपनी नियमित ड्यूटी के साथ-साथ पूरी निष्ठा और सेवा भावना से श्रद्धालुओं की सहायता करते नजर आए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री यादव ने बूढ़ा महादेव मंदिर से बाबा भोरमदेव धाम तक पैदल यात्रा कर भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने जिले की सुख-समृद्धि, शांति, सामाजिक सौहार्द और कानून-व्यवस्था की मजबूती के लिए प्रार्थना भी की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा कबीरधाम पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिले का पूरा पुलिस बल संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और सेवा भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहा है, ताकि प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में अपनी धार्मिक यात्रा पूरी कर सके।



