छत्तीसगढ़ में नई तकनीक व कौशल विकास का नया अध्याय, 500 करोड़ रुपये से बदलेगी राज्य की डिजिटल तस्वीर : भाजपा

भाजपा जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस मिशन को मंजूरी देने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का हार्दिक आभार माना
कवर्धा । भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र चंद्रवंशी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य मंत्रिपरिषद द्वारा ’छत्तीसगढ़ राज्य आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मिशन’ को दी गई ऐतिहासिक मंजूरी का स्वागत करते हुए इसे राज्य में सुशासन, नई तकनीक, कौशल विकास और डिजिटल अर्थव्यवस्था को अभूतपूर्व गति देने वाला एक दूरदर्शी निर्णय बताया है। श्री चंद्रवंशी ने कहा कि प्रदेश के डिजिटल रोडमैप को धरातल पर उतारने के नाम पर केवल जुबानी जमाखर्च किया जबकि भाजपा की साय सरकार का वास्तविक धरातल पर काम नजर आ रहा है।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री चंद्रवंशी ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सरकार का यह मिशन 5 वर्षों की अवधि के लिए लागू किया जाएगा, जिस पर 500 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जाएगी। यह मिशन न केवल बड़े शहरों तक सीमित रहेगा, बल्कि इसका मुख्य फोकस राज्य के दूर-दराज के जिलों, छोटे शहरों और कस्बों तक एआई की पहुँच सुनिश्चित करना है, ताकि अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक इसका लाभ पहुँचे। इस योजना के मुख्य बिन्दुओं की चर्चा करते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष ने बताया कि छत्तीसगढ़ राज्य एआई मिशन के तहत राज्यभर में अत्याधुनिक 100 एआई डेटा लैब का निर्माण किया जाएगा। शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए 5 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित होंगे। युवाओं के नवाचार को बल देने के लिए 300 से अधिक एआई स्टार्टअप्स को आर्थिक व तकनीकी सहायता प्रदान की जाएगी। राज्य के 6 लाख विद्यार्थियों तथा 1.5 लाख सरकारी कर्मचारियों को एआई का विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। शासकीय कामकाज को सुगम, पारदर्शी और तीव्र बनाने के लिए 50 से अधिक एआई-आधारित सेवाओं का विकास होगा।


