मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का शुभारंभ, 63 हजार से अधिक लोगों की होगी घर-घर जांच

AP न्यूज़ विश्वराज ताम्रकार जिला ब्यूरो चीफ KCG
खैरागढ़ : मलेरिया उन्मूलन की दिशा में जिला खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में सोमवार को मलेरिया मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का शुभारंभ किया गया। कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने स्वास्थ्य विभाग के सर्वे दलों को मलेरिया जांच किट प्रदान कर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आशीष शर्मा ने बताया कि 15 जून से 14 जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के तहत जिले के 116 ग्रामों में निवासरत 12,739 परिवारों के लगभग 63,747 लोगों का घर-घर जाकर स्वास्थ्य सर्वेक्षण एवं मलेरिया जांच की जाएगी। अभियान के दौरान बुखार या मलेरिया के लक्षण वाले व्यक्तियों की तत्काल जांच कर आवश्यकतानुसार रक्त नमूने लिए जाएंगे।
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विवेक बिसेन ने बताया कि जांच में मलेरिया पॉजिटिव पाए जाने वाले मरीजों को तुरंत निःशुल्क दवा उपलब्ध कराकर उपचार शुरू किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर मरीजों को निकटस्थ स्वास्थ्य केंद्र या चिकित्सालय में भर्ती कर समुचित उपचार भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समय पर पहचान और उपचार से मलेरिया के गंभीर प्रभावों को रोका जा सकता है तथा संक्रमण की श्रृंखला को तोड़ने में मदद मिलती है।
अभियान के दौरान केवल जांच ही नहीं, बल्कि ग्रामीणों को मच्छरजनित रोगों से बचाव के उपायों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। स्वास्थ्य दल मच्छरदानी के नियमित उपयोग, साफ-सफाई बनाए रखने तथा जलभराव रोकने जैसे विषयों पर लोगों को जानकारी देंगे, जिससे मलेरिया के प्रसार को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सके।
कलेक्टर श्री चंद्रवाल एवं जिला पंचायत सीईओ श्री पटेल ने जिलेवासियों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सर्वे दलों को सही जानकारी उपलब्ध कराकर हर नागरिक मलेरिया मुक्त जिला बनाने के प्रयास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, मलेरिया कार्यक्रम से जुड़े अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा मैदानी स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


