मर्दापाल में ग्राम पंचायत भवन और महतारी सदन का लोकार्पण, महिलाओं के सशक्तिकरण को मिलेगी नई ताकत

रायपुर, 25 जुलाई 2026। वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने शनिवार को कोण्डागांव जिले के मर्दापाल में नवनिर्मित ग्राम पंचायत भवन और महतारी सदन का लोकार्पण किया। लगभग 12 लाख रुपये की लागत से बने ग्राम पंचायत भवन तथा 25 लाख रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन को ग्रामीणों को समर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि ये भवन ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण के नए केंद्र बनेंगे।

लोकार्पण के बाद मंत्री ने महतारी सदन में बिहान स्व-सहायता समूह की महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने महिलाओं की आजीविका गतिविधियों और समूह से जुड़ने के बाद आय में आए बदलाव की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि स्व-सहायता समूहों से जुड़ने के बाद उन्हें रोजगार और आय के नए अवसर प्राप्त हुए हैं।
केदार कश्यप ने कहा कि महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण केंद्र है। राज्य सरकार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। लखपति दीदी और ड्रोन दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को रोजगार, स्वरोजगार और आय बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
उन्होंने महिलाओं से फलदार पौधों का रोपण, पशुपालन और अन्य आयवर्धक गतिविधियों को अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि बेहतर योजना और मेहनत से ग्रामीण परिवारों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि की जा सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि महतारी सदन महिला स्व-सहायता समूहों की गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रीता शोरी, जनपद पंचायत अध्यक्ष अनीता कोर्राम, जिला पंचायत सदस्य यशोदा कश्यप, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष टोमेंद्र ठाकुर, जनपद सदस्य कौशल्या कोर्राम, जयमती कश्यप, रामूराम कोर्राम, रामचन्द्र कश्यप, रामकुमार कोर्राम, रमेश सेठिया, आसमन कोर्राम, लक्ष्मीकांत बेलसरिया, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जिला प्रबंधक विनय सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



