आरंग विधानसभा को 128 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात


समोदा में लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की कई घोषणाएं, रीवा में 4 करोड़ के स्टॉप डैम को मिली मंजूरी

रायपुर, 9 जुलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत रीवा में लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी विद्यालय में उन्नत करने की घोषणा की।

सुशासन और जनकल्याण सरकार की पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण राज्य सरकार की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने प्रधानमंत्री की गारंटी के अधिकांश वादों को पूरा किया है और विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लक्ष्य के साथ काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 10 लाख से अधिक आवास पूरे हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है, जबकि महतारी वंदन योजना के तहत अब तक 28 किश्तों में 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में अंतरित की जा चुकी है।
सड़क, बिजली और पेयजल पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। प्रशासन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के साथ भ्रष्टाचार एवं अपराध के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि किसानों के लिए पर्याप्त खाद, बीज और कृषि आदानों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वहीं सेवा सेतु के माध्यम से 520 से अधिक शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के जरिए शिकायतों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री बिजली बिल समाधान योजना की अवधि तीन माह बढ़ा दी गई है। पात्र उपभोक्ता सितंबर तक ‘मोर बिजली’ मोबाइल एप अथवा वेबसाइट के माध्यम से पंजीयन कर योजना का लाभ ले सकते हैं।
858 करोड़ के विकास कार्यों का उल्लेख
कार्यक्रम में कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आरंग विधानसभा क्षेत्र को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुशासन और विकास की नई दिशा स्थापित हुई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत आंवले का पौधा लगाया। उन्होंने सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत कक्षा 9 की छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा जिला प्रशासन के मिशन उत्कर्ष के तहत उत्कृष्ट विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ चर्म शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष ध्रुव कुमार मिर्धा, छत्तीसगढ़ औषधीय पादप बोर्ड के उपाध्यक्ष अंजय शुक्ला, कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जनप्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


