गौरेला-पेंड्रा-मरवाही में विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) का शुभारंभ, ग्राम पंचायतों के समग्र विकास पर जोर


गौरेला-पेंड्रा-मरवाही/रायपुर, 2 जुलाई 2026। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) के जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का आयोजन गुरुवार को गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के पेंड्रा स्थित अरपा सभा कक्ष, कलेक्ट्रेट में किया गया। कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित शुभारंभ समारोह का सीधा प्रसारण भी देखा गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मध्य क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने की। राष्ट्रीय स्तर पर केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मिशन का शुभारंभ करते हुए ग्रामीण रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास और आजीविका संवर्धन को ग्रामीण विकास की आधारशिला बताया।
मुख्य अतिथि प्रणव कुमार मरपच्ची ने कहा कि प्रत्येक ग्राम पंचायत को प्रतिवर्ष दो करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे सभी पंचायतों में समान रूप से विकास कार्य कराए जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह योजना गांवों को आत्मनिर्भर बनाने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी जनप्रतिनिधियों से योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा ने कहा कि यह मिशन गांव, गरीब और किसानों के विकास से सीधे जुड़ा हुआ है। इसके माध्यम से रोजगार सृजन, आजीविका संवर्धन, निर्माण कार्यों तथा अन्य विकास योजनाओं को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से पंचायतों के साथ-साथ जिले और प्रदेश के विकास को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकेश रावटे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेन्द्र बहादुर सिंह, जनपद पंचायत मरवाही की अध्यक्ष जानकी कुशरो, जिला पंचायत सदस्य भवर सिंह गोवास, पवन पैकरा, पूर्णिमा पैकरा, जिला अध्यक्ष लालजी यादव, डिप्टी कलेक्टर आकांक्षा पांडे सहित जनप्रतिनिधि, जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

