G-QKE15KJ9P0 25777229988609873
ChhattisgarhINDIAKabirdhamखास-खबर

हर पात्र बालिका को मिले एचपीवी टीके का लाभ, टीकाकरण में तेजी लाएं : कलेक्टर गोपाल वर्मा

कवर्धा। कलेक्टर गोपाल वर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने 14-15 वर्ष की किशोरी बालिकाओं के लिए चल रहे एचपीवी टीकाकरण अभियान में तेजी लाने और जिले की प्रत्येक पात्र बालिका तक इसका लाभ पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।

कलेक्टर ने कहा कि एचपीवी टीका बच्चेदानी (सर्वाइकल) कैंसर से बचाव का प्रभावी माध्यम है और शासन द्वारा इसे निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। शिक्षा विभाग एवं आदिवासी विकास विभाग को निर्देश दिए गए कि वे पालकों को जागरूक कर उनकी सहमति प्राप्त करें तथा टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग दें। स्वास्थ्य विभाग को अभियान की नियमित मॉनिटरिंग कर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए।

निर्माण कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं पीएम जनमन के तहत संचालित आंगनबाड़ी सहित अन्य निर्माण कार्यों की विकासखंडवार समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी निर्माण एजेंसियों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने तथा प्रगति रिपोर्ट में निर्माण पूर्ण होने की संभावित तिथि का उल्लेख अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए।

रेडक्रॉस सदस्यता अभियान को मिलेगा विस्तार

कलेक्टर ने रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्यता अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सदस्यता से प्राप्त राशि जरूरतमंद लोगों को स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में उपयोगी होती है। उन्होंने स्कूली विद्यार्थियों के आय, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र समय पर जारी करने के लिए शिक्षा विभाग और राजस्व विभाग को समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए।

आयुष्मान कार्ड के लिए चलेगा विशेष अभियान

बैठक में आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि कई परिवारों में बच्चों सहित सभी सदस्यों के आयुष्मान कार्ड नहीं बने हैं। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और आदिवासी विकास विभाग को संयुक्त रूप से एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाकर शेष पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में अधिक संख्या में कार्ड लंबित हैं, वहां विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

बैठक में कृषि विभाग, जल जीवन मिशन, लोक निर्माण विभाग, अटल डिजिटल सुविधा केंद्र, सीएम हेल्पलाइन तथा सेवा सेतु योजना की भी समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर कलेक्टर नरेंद्र पैंकरा, सभी एसडीएम एवं विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page