विजयादशमी पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने की श्रीराम-लक्ष्मण की पूजा, रावण दहन में हुए शामिल

छीरपानी कॉलोनी में सपरिवार मनाया दशहरा, प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की

कवर्धा। विजयादशमी के अवसर पर उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा कवर्धा की छीरपानी कॉलोनी में आयोजित दशहरा उत्सव में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और रावण दहन कार्यक्रम में भाग लेकर बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री शर्मा ने सपरिवार मां दुर्गा पंडाल में आरती की और माता बम्लेश्वरी की पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने दुर्गोत्सव समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों से मुलाकात कर सभी को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। उत्सव के दौरान श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा।
उप मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा कि विजयादशमी सत्य, धर्म और न्याय की विजय का प्रतीक है। भगवान श्रीराम का आदर्श जीवन मर्यादा, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता है। रावण दहन हमें अपने भीतर के अहंकार, क्रोध और बुराइयों को समाप्त कर सदाचार एवं सकारात्मकता अपनाने का संदेश देता है।
उन्होंने कहा कि दशहरा भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता का महत्वपूर्ण पर्व है। इस अवसर पर उन्होंने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

