उमापुर में ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति किया जागरूक

लघु फिल्म दिखाकर समझाया महत्व, योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी
उमापुर। मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत ग्राम पंचायत उमापुर में बाल विवाह की रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एएचटी थाना प्रभारी अजीत चौधरी और जिला मिशन समन्वयक, हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वूमेन अर्चना राय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में बच्चों और ग्रामीणों को लघु फिल्म के माध्यम से बताया गया कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। वक्ताओं ने कहा कि इस सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है।
योजनाओं की दी जानकारी
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना और मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की जानकारी दी गई। पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।
उप निरीक्षक अंशी शुक्ला ने महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 1090, वन स्टॉप सेंटर 181, पुलिस सहायता 112 और एंबुलेंस सेवा 108 व 102 के उपयोग के बारे में बताया।
बाल विवाह रोकने की दिलाई शपथ
महिला पुलिसकर्मी ज्योति चौहान और प्रिया यादव ने बाल विवाह के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को बाल विवाह समाप्त करने की शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों से अपील की गई कि बाल विवाह की जानकारी मिलने पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 या पुलिस हेल्पलाइन 112 पर सूचना दें।
कार्यक्रम में अपराजिता सामाजिक समिति के प्रिंस कुमार, तृप्ति राय, महिला कांस्टेबल वंदना, विपिन यादव, अभिषेक सिंह, मिशन शक्ति टीम, एएचटी थाना के कर्मचारी, ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, आंगनबाड़ी व आशा कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


